छत्तीसगढ़ बना मॉडल राज्य: 'आदि कर्मयोगी अभियान' और 'पीएम जन मन योजना' में उत्कृष्ट प्रदर्शन, राष्ट्रपति के हाथों मिला सम्मान
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने छत्तीसगढ़ को आदि कर्मयोगी अभियान और प्रधानमंत्री जनमन योजना में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया।
राष्ट्रपति के हाथों सम्मान प्राप्त करते हुए प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा
रायपुर। छत्तीसगढ़ को नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आदि कर्मयोगी अभियान और प्रधानमंत्री जनमन योजना में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया। इस अवसर पर राज्य की ओर से प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने यह पुरस्कार ग्रहण किया। धमतरी और कोरिया के कलेक्टरों सहित मोहला-मानपुर, बालोद और दंतेवाड़ा जिलों को भी ‘स्क्रीन फेलिसिटेशन अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया।
राज्य के एक स्टेट ट्रेनर को भी व्यक्तिगत श्रेणी में पुरस्कार प्राप्त हुआ। इस उपलब्धि पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बधाई दी है। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि, यह सम्मान छत्तीसगढ़ के मेहनती अधिकारियों और कर्मचारियों की सामूहिक प्रतिबद्धता का परिणाम है। हमारी सरकार की जनजातीय विकास नीतियाँ अब पूरे देश के लिए उदाहरण बन रही हैं।
कर्मयोगियों को समर्पित है यह पुरस्कार - मंत्री रामविचार नेताम
आदिम जाति एवं अनुसूचित जनजाति विकास मंत्री राम विचार नेताम ने भी समस्त विभाग को बधाई देते हुए कहा- यह पुरस्कार उन कर्मयोगियों को समर्पित है जिन्होंने जनजातीय सेवा को जन-आंदोलन का रूप दिया है।