5वें दिन भी बंद रहा सर्वर: शाम 6 बजे के बाद सुधरा पर बंट नहीं पाया दो माह का चावल

सार्वजनिक वितरण प्रणाली अंतर्गत उचित मूल्य की दुकानों में पांचवें दिन भी सर्वर बंद होने के कारण दिनभर खाद्यान्न बंट नहीं पाया।

Updated On 2026-02-06 13:40:00 IST

File Photo 

रायपुर। सार्वजनिक वितरण प्रणाली अंतर्गत उचित मूल्य की दुकानों में पांचवें दिन भी सर्वर बंद होने के कारण दिनभर खाद्यान्न बंट नहीं पाया। शाम 6 बजे के बाद सर्वर में सुधार आया भी तो दो माह का एक साथ चावल बंट नहीं पाया, क्योंकि ऑनलाइन आवंटन में एक माह का चावल ही दिखा रहा था, जिसके कारण जितने कार्ड धारकों को चावल बांटा गया, उन्हें सिर्फ फरवरी का ही मिला है, जबकि राज्य सरकार ने फरवरी और मार्च दोनों महीने का चावल एक साथ बांटने का आदेश जारी किया है।

मंदिर हसौद नान गोदाम में गाड़ियों का टोटा, इसलिए दुकानों में आपूर्ति नहीं
इधर, राशन दुकानों में नागरिक आपूर्ति निगम के मंदिर हसौद गोदाम से चावल वितरण में भी बड़ी लापरवाही बरती जा रही है। गोदाम से राशन दुकानों में चावल की आपूर्ति के लिए होरा एजेंसी को ठेका दिया गया है, लेकिन एजेंसी द्वारा पिछले 4 दिनों से बड़ी गाड़ियां उपलब्ध ही नहीं कराई गई है, जिसके कारण राशन दुकानों में चावल का वितरण भी नहीं हो पाया है। इस मामले में गोदाम प्रभारी संगीता सिंह ने बताया कि इसमें हमारी गलती नहीं है। गोदाम में पहले चावल का स्टॉक नहीं था, लेकिन दो-तीन दिनों से स्टॉक आना शुरू हो गया है। स्टॉक आया है तो बड़ी गाड़ी उपलब्ध नहीं हो पाई, जिसके कारण दुकानों में आपूर्ति कराने में विलंब हुआ है। उन्होंने बताया कि बड़ी गाड़ी आज से आनी शुरू हुई है, जिसमें चावल लोडिंग कराकर राशन दुकानों में भेजा जाएगा।

कार्ड धारक-दुकान संचालक असमंजस की स्थिति में
शासन ने दो माह का एक साथ चावल बांटने का आदेश जारी किया है, वहीं ऑनलाइन आवंटन में गुरुवार को एक माह का चावल ही शो कर रहा है। ऐसे में कार्ड धारक और दुकान संचालक दोनों असमंजस की स्थिति में है। कार्ड धारक यह सोचकर चावल नहीं ले रहा है. कि कहीं एक माह का लेने के बाद दूसरे महीने का चावल लैब्स नहीं हो जाए, वहीं कई दुकान संचालक भी एक माह का चावल शो करने के कारण चावल बांटना शुरू नहीं किए हैं। दुकान संचालकों को भय है कि बिना आदेश के कहीं एक माह का चावल बांट दिए तो उनके विरुद्ध कार्रवाई न हो जाए। हालांकि इस असमंजस की स्थिति के बावजूद कुछ दुकान संचालकों ने चावल बांटा और कई कार्ड धारक लेने भी लगे हैं।

Tags:    

Similar News

थाने के सामने जैन मंदिर में बड़ी चोरी: 3 दान पेटियां तोड़कर 2 लाख रुपये ले उड़े शातिर चोर, लोगों में आक्रोश