थाने के सामने जैन मंदिर में बड़ी चोरी: 3 दान पेटियां तोड़कर 2 लाख रुपये ले उड़े शातिर चोर, लोगों में आक्रोश

कबीरधाम जिले के पंडरिया थाना के सामने स्थित जैन श्वेतांबर मंदिर में अज्ञात चोरों ने 3 दान पेटियों से करीब 2 लाख रुपये चोरी कर लिया।

Updated On 2026-02-06 13:37:00 IST

चोरी के बाद पड़े हुए दान पेटी

उमेश यादव- कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में थाना पंडरिया के सामने महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित जैन श्वेतांबर मंदिर में अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया। चोरों ने मंदिर परिसर में रखी 3 दान पेटियों के ताले तोड़कर करीब 2 लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। इस घटना की जानकारी मिलते ही जैन समाज ने पुलिस को सूचित किया। चोरी की इस वारदात को लेकर जैन समाज में काफी आक्रोश देखा जा रहा है।

समाज के लोगों का कहना है कि, जब पुलिस थाना के ठीक सामने स्थित मंदिर भी सुरक्षित नहीं, तो आम जनता की सुरक्षा पर सवाल उठना लाज़मी है। इस घटना ने पुलिस की कार्यशैली और रात्रि गश्त पर भी गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल की जा रही है। 

भोंगापाल मोबाइल टावर से 72 बैटरियों की चोरी का खुलासा
वहीं फरसगांव पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कुछ सप्ताह पहले मोबाइल टावरों को निशाना बनाकर लाखों की चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह रही कि, इस पूरी चोरी की साजिश का मास्टरमाइंड खुद टावर का इंजीनियर निकला। जिसने अंदरूनी जानकारी का इस्तेमाल कर वारदात को अंजाम दिलाया।

मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला उरन्दाबेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत भोंगापाल मोबाइल टावर से जुड़ा है, जहां से चोरों ने टावर में लगे 72 नग बैटरियों की चोरी की थी। घटना की शिकायत के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र के आधार पर जांच तेज की और आखिरकार पूरे गिरोह तक पहुंचने में सफलता पाई।

आरोपियों के कब्जे से 13 लाख 22 हजार रुपये का सामान बरामद
पुलिस ने चोरी करने वाले आरोपियों के साथ चोरी का सामान खरीदने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 13 लाख 22 हजार रुपये की चोरी की सामग्री बरामद की गई है। फिलहाल, पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने इससे पहले और किन-किन जगहों पर ऐसी वारदातों को अंजाम दिया है।

Tags:    

Similar News