तेजस्वी यादव का NDA को सीधा चैलेंज: बताइए आपका मुख्यमंत्री चेहरा कौन? BJP बोली – 'गठबंधन नहीं ठगबंधन'

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले RJD नेता तेजस्वी यादव ने NDA को चुनौती दी है कि वे अपना मुख्यमंत्री चेहरा घोषित करें। इस पर BJP नेताओं ने पलटवार करते हुए महागठबंधन को 'ठगबंधन' और 'महाठगबंधन' बताया।

Updated On 2025-10-23 20:01:00 IST

तेजस्वी यादव होंगे महागठबंध का सीएम फेस।

Bihar elections 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए RJD नेता तेजस्वी यादव को आधिकारिक रूप से महागठबंधन का मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित किए जाने के कुछ घंटे बाद ही उन्होंने NDA को सीधी चुनौती दे डाली। तेजस्वी ने सवाल उठाया कि अब तक NDA ने अपना मुख्यमंत्री चेहरा क्यों नहीं घोषित किया है?

तेजस्वी यादव ने कहा, ''हमारे लिए कभी कोई कन्फ्यूजन नहीं रहा। हम साफ हैं कि हमारा चेहरा कौन है, लेकिन NDA अभी तक अपने चेहरे का ऐलान क्यों नहीं कर पा रही? अब तक न कोई साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई, न कोई विजन बताया गया और न ही कोई एजेंडा सामने आया। अमित शाह के बयान से तो साफ है कि नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री नहीं बनाया जाएगा।''

तेजस्वी ने कहा कि उनका सपना बिहार को 'नंबर वन राज्य बनाना' है और RJD 'झूठे वादे नहीं करती।'

भाजपा ने किया पलटवार

इस पर बीजेपी ने कड़ा पलटवार किया। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, ''इसमें हैरानी की कोई बात नहीं। लालू यादव ने अपने बेटे को मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित कर दिया है। यह कोई गठबंधन नहीं, बल्कि ठगबंधन है। NDA का चेहरा नीतीश कुमार ही हैं।''

केशव प्रसाद मौर्य ने भी महागठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि तेजस्वी यादव बिहार को फिर से 'जंगलराज के अंधेरे दौर में' ले जाना चाहते हैं। उन्होंने कहा, ''तेजस्वी यादव के वादे सिर्फ खोखली बातें हैं। यह गठबंधन नहीं, महाठगबंधन है।''

वहीं, रवि शंकर प्रसाद ने तेजस्वी के नौकरी वादे को 'अव्यावहारिक' बताया। उन्होंने कहा, ''तेजस्वी 2.6 करोड़ लोगों को सरकारी नौकरी देने की बात करते हैं, जबकि बिहार का बजट केवल 3 लाख करोड़ रुपए है। ये पैसा आएगा कहां से?''

भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने औरंगाबाद की रैली में कहा, ''यह चुनाव विकास बनाम विनाश की लड़ाई है। RJD का मतलब है रंगदारी, जंगलराज और दादागिरी, जबकि नीतीश कुमार ने बिहार को कानून-व्यवस्था दी है।''

बीजेपी IT सेल प्रमुख अमित मालवीय ने कहा कि तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री चेहरा घोषित करना कांग्रेस की 'टोकन पॉलिटिक्स' है।

बिहार विधानसभा की 243 सीटों पर चुनाव दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को होंगे, जबकि नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।

Tags:    

Similar News