Nitin Nabin: पीएम मोदी के एक वाक्य पर झूम उठा औरंगाबाद, BJP अध्यक्ष नितिन नबीन की ताजपोशी पर ननिहाल में जश्न
Aurangabad News: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन बनने पर औरंगाबाद में जश्न मनाया गया। PM मोदी के बयान पर कार्यकर्ताओं ने उड़ाया गुलाल, पटाखों से गूंजा इलाका।
भारतीय जनता पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की ताजपोशी के साथ ही उनके ननिहाल औरंगाबाद में जश्न का माहौल।
Nitin Nabin BJP National President: भारतीय जनता पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की ताजपोशी के साथ ही उनके ननिहाल औरंगाबाद में उत्सव का माहौल बन गया। जिले के अलग-अलग इलाकों में भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, गुलाल और मिठाइयों के साथ खुशी का इजहार किया। स्थानीय लोगों के लिए यह पल गौरव और गर्व से भरा रहा।
LED स्क्रीन पर दिखाया गया पदभार ग्रहण समारोह
नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित राष्ट्रीय अध्यक्ष के पदभार ग्रहण समारोह का सीधा प्रसारण औरंगाबाद शहर के प्रमुख स्थानों पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से दिखाया गया। रमेश चौक और कुमार बद्री नारायण मार्केट के पास बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आम लोग समारोह देखने पहुंचे।
PM मोदी के एक वाक्य पर गूंजे नारे
कार्यक्रम के दौरान जैसे ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि “नितिन नबीन अब मेरे बॉस हैं”, वहां मौजूद कार्यकर्ताओं में जोश चरम पर पहुंच गया। भारत माता की जय, वंदे मातरम और नरेंद्र मोदी जिंदाबाद के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।
विराटपुर मोहल्ले से जुड़ा है नितिन नबीन का ननिहाल
बताया जाता है कि नितिन नबीन का ननिहाल औरंगाबाद शहर के विराटपुर मोहल्ले में है। इसी वजह से स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों में खास उत्साह देखने को मिला। लोगों ने इसे जिले के लिए सम्मान और पहचान बढ़ाने वाला पल बताया।
जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में आयोजित हुआ कार्यक्रम
इस आयोजन का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष विजेंद्र चंद्रवंशी ने किया। कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ और युवा नेताओं की मौजूदगी रही। सभी ने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर और गुलाल लगाकर खुशी साझा की।
नेताओं ने बताया बिहार के लिए गौरव का क्षण
पार्टी नेताओं ने कहा कि नितिन नबीन का भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना बिहार ही नहीं, बल्कि औरंगाबाद जिले के लिए भी ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है जहां कार्यकर्ता मेहनत के दम पर शीर्ष नेतृत्व तक पहुंच सकता है।
युवा नेतृत्व को मिली नई पहचान
युवा मोर्चा और संगठन से जुड़े नेताओं ने कहा कि भाजपा को अब तक का सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष मिला है। इससे संगठन में नई ऊर्जा आएगी और युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पार्टी और अधिक मजबूत होगी।