B से बीड़ी, B से बिहार: कांग्रेस के ट्वीट पर बवाल, भड़की BJP-JDU; कहा- ये बिहारियों का अपमान

कांग्रेस के ट्वीट ने बिहार चुनाव से पहले सियासी तूफान खड़ा कर दिया। पोस्ट में 'बीड़ी और बिहार' का जिक्र करने पर BJP और JDU हमलावर हैं। जानें क्या है पूरा मामला।

Updated On 2025-09-05 14:20:00 IST

कांग्रेस ने पोस्ट में बीड़ी की तुलना बिहार से की, भाजपा-जदयू ने किया पलटवार

BJP-JDU Vs Congress: कांग्रेस की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने बिहार की राजनीति को गरमा दिया है। जीएसटी रिफॉर्म्स पर टिप्पणी करते हुए केरल कांग्रेस ने बीड़ी और बिहार का नाम एक साथ जोड़ दिया। ट्वीट में लिखा गया- 'बीड़ी और बिहार दोनों B से शुरू होते हैं, अब इन्हें पाप नहीं माना जा सकता।' यह पोस्ट सामने आते ही बीजेपी और जेडीयू आगबबूला हो गए। विपक्षी दलों ने इसे “बिहार और बिहारियों का अपमान” बताते हुए चुनावी मुद्दा बना दिया है। नवंबर में होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव से पहले इस बयान ने नया विवाद खड़ा कर दिया है।

विवाद की शुरुआत कैसे हुई?

दरअसल, हाल ही में केंद्र सरकार ने जीएसटी दरों में बदलाव किया है। तंबाकू और सिगरेट पर टैक्स: 28% से बढ़ाकर 40% कर दिया गया। जबकि, बीड़ी पर टैक्स: 28% से घटाकर 18% कर दिया गया।

सरकार के इसी फैसले को लेकर केरल कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर एक चार्ट साझा किया और तंज कसते हुए बिहार का नाम ले लिया। ट्वीट में लिखा, 'बीड़ी और बिहार दोनों B से शुरू होते हैं, अब इन्हें पाप नहीं माना जा सकता।' ट्वीट में यही तुलना अब विवाद की वजह बन गई है।

बीजेपी का कांग्रेस पर हमला

बीजेपी प्रवक्ता शहज़ाद पूनावाला ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा, ''कांग्रेस पार्टी की मानसिकता हमेशा बिहार विरोधी रही है। पहले प्रधानमंत्री मोदी जी की माता का अपमान और अब पूरे बिहार की जनता का मजाक। यह कांग्रेस का असली चेहरा है।"

उन्होंने आगे कहा कि अगर कांग्रेस कहती है B से बिहार और B से बीड़ी, तो हम भी कह सकते हैं C से कांग्रेस और C से करप्शन।

बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने भी कांग्रेस पर हमला करते हुए इसे 'पूरे बिहार का अपमान' बताया और कहा कि जनता चुनाव में कांग्रेस को इसका जवाब देगी।

JDU बोली- 'B का मतलब बुद्धि भी'

जेडीयू के राज्यसभा सांसद संजय झा ने भी कांग्रेस के ट्वीट पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, ''B सिर्फ बीड़ी का मतलब नहीं है, B का मतलब बुद्धि भी होता है, जो कांग्रेस में बिल्कुल नहीं है। B का मतलब बजट भी है, जो बिहार को विशेष सहायता मिलने पर कांग्रेस को चुभता है।''

वहीं, जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा, ''बिहार की पहचान बीड़ी से नहीं है। यह सीता माता और सूफी संतों की धरती है। बिहारी मेहनतकश और सम्मान से जीने वाले लोग हैं। कांग्रेस और उसके सहयोगी बार-बार बिहार का अपमान करते हैं।''

विवाद बढ़ता देख कांग्रेस ने दी सफाई

विवाद बढ़ने के बाद कांग्रेस ने पोस्ट डिलीट कर दी और कहा कि इसका मकसद सिर्फ जीएसटी रिफॉर्म्स पर सवाल उठाना था। लेकिन तब तक मामला तूल पकड़ चुका था और विपक्षी दलों ने इसे बिहार चुनावी अखाड़े का बड़ा मुद्दा बना दिया।

Tags:    

Similar News