'पद मिलते ही करने लगा गलत काम!': विधानसभा में तेजस्वी पर जमकर बरसे नीतीश कुमार, जानिए क्या कहा

बिहार विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान CM नीतीश कुमार ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर गंभीर आरोप लगाए। सत्ता पक्ष–विपक्ष में तीखी नोकझोंक के बीच विकास कार्यों और भविष्य की योजनाओं का भी किया जिक्र।

Updated On 2026-02-05 19:55:00 IST

CM नीतीश कुमार ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर गंभीर आरोप लगाए।

Nitish Kumar On Tejashwi Yadav: बिहार विधानसभा में गुरुवार को राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान राजनीतिक माहौल उस वक्त गर्म हो गया, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर सीधा और तीखा हमला बोला। मुख्यमंत्री के बयान पर सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच कई बार तीखी नोकझोंक देखने को मिली।

तेजस्वी यादव पर नीतीश का सीधा आरोप

अपने संबोधन में नीतीश कुमार ने कहा कि जब तेजस्वी यादव उनके साथ थे, तब सब ठीक था, लेकिन बाद में उन्होंने गड़बड़ी शुरू कर दी और पैसा कमाने लगे। मुख्यमंत्री ने यहां तक कहा कि पद मिलने के बाद पहले व्यवहार ठीक था, लेकिन फिर हर जगह गलत काम होने लगे, इसी वजह से उन्हें अलग करना पड़ा।

2005 से पहले के शासन पर भी साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने विपक्ष को घेरते हुए कहा कि 2005 से पहले राज्य की हालत बदतर थी। उस समय न सड़कें थीं, न स्कूल और न ही अस्पतालों की स्थिति ठीक थी। लोग शाम ढलते ही घरों से बाहर निकलने से डरते थे। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार आने के बाद शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी और सड़क हर क्षेत्र में बड़ा सुधार हुआ।

सदन में हंगामा और राजनीतिक प्रतिक्रिया

जैसे ही नीतीश कुमार ने विपक्षी शासन पर सवाल उठाए, सदन में शोर-शराबा शुरू हो गया। इस पर मुख्यमंत्री और आक्रामक हो गए और तेजस्वी यादव व उनके परिवार के राजनीतिक सफर का जिक्र किया। नीतीश के भाषण पर सत्ता पक्ष के सदस्यों ने मेज थपथपाकर समर्थन जताया, वहीं तेजस्वी यादव समेत विपक्षी विधायक भी प्रतिक्रिया देते नजर आए।

विकास कार्यों और योजनाओं का किया बखान

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में गांव-टोले पक्की सड़कों से जुड़ चुके हैं, हर घर नल का जल और शौचालय की सुविधा दी गई है। 125 यूनिट मुफ्त बिजली योजना लागू की गई है। साथ ही ‘सात निश्चय’ के तहत युवाओं के लिए रोजगार और नौकरी के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को रोजगार मिलेगा।

पेंशन, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक योजनाएं

नीतीश कुमार ने बताया कि बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगों की पेंशन 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये कर दी गई है। महिलाओं को रोजगार के लिए आर्थिक सहायता और स्थानीय निकायों में आरक्षण भी दिया गया है, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।

केंद्र सरकार और पीएम मोदी की सराहना

मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के सहयोग के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी बिहार पर विशेष ध्यान देते हैं और हर दौरे में विकास योजनाओं की सौगात देते हैं, जिन पर राज्य सरकार तेजी से काम कर रही है।

विकसित बिहार का दावा

नीतीश कुमार ने कहा कि अगले पांच वर्षों में बिहार देश के विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल होगा। 2025 से 2030 के बीच विकास की रफ्तार और तेज होगी तथा ‘सात निश्चय-3’ बिहार के विकास का नया मानक तय करेगा।

Tags:    

Similar News

TRE-4 शिक्षक भर्ती को लेकर पटना में महाआंदोलन का ऐलान: छात्र नेता दिलीप बोले– शिक्षा मंत्री पर नहीं रहा भरोसा

मणिपुर में 'कमल' के साथ खड़ा हुआ 'तीर': वाई खेमचंद ने ली CM पद की शपथ, जदयू के समर्थन से बढ़ी बीजेपी की ताकत