NEET छात्रा हत्याकांड: बिहार विधान परिषद में भारी हंगामा, राबड़ी बोलीं- CBI को केस सौंपकर मामले को ठंडा करना चाहती है सरकार

पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में NEET छात्रा की हत्या को लेकर बिहार विधान परिषद में हंगामा। राबड़ी देवी ने सरकार पर मंत्री या उनके बेटे को बचाने का आरोप लगाया, BJP और मंत्री जमाखान ने किया जवाब।

Updated On 2026-02-05 18:54:00 IST

पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने नीट छात्रा मौत मामले को लेकर सरकार पर हमला बोला।

Rabri Devi on NEET student death case: पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में NEET की तैयारी कर रही जहानाबाद की छात्रा की हत्या और कथित दरिंदगी के मामले ने बिहार की राजनीति को गरमा दिया है। विधान परिषद में विपक्ष ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए, जिसके बाद सदन के बाहर बयानबाजी तेज हो गई। नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी ने सीधे तौर पर नीतीश सरकार को कठघरे में खड़ा कर दिया।

राबड़ी देवी का आरोप- मंत्री या उनके बेटे को बचाने की कोशिश

राजद नेता और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि इस हत्याकांड में सरकार से जुड़े किसी प्रभावशाली व्यक्ति की भूमिका हो सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में लीपापोती की गई और बाद में इसे CBI को सौंप दिया गया, ताकि जांच में देरी हो और मामला धीरे-धीरे ठंडा पड़ जाए। राबड़ी देवी ने यहां तक कहा कि संभव है किसी मंत्री या उनके बेटे को बचाने के लिए पूरा खेल रचा गया हो।

CBI जांच पर भी उठाए सवाल

राबड़ी देवी ने कहा कि CBI जांच में वक्त लगता है और इसका फायदा दोषियों को मिल सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की मंशा पारदर्शी नहीं है और सच्चाई सामने आने से पहले ही मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है।

BJP का पलटवार

राबड़ी देवी के आरोपों पर BJP एमएलसी संजय मयूख ने तीखा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि NDA सरकार में न तो निर्दोष को फंसाया जाता है और न ही दोषियों को छोड़ा जाता है। उनके मुताबिक देश की सबसे मजबूत जांच एजेंसी इस केस को देख रही है और विपक्ष को यह सच्चाई नजर नहीं आ रही।

कार्रवाई जारी, सख्त कदम उठाए जाएंगे: मंत्री जमाखान

मंत्री जमाखान ने भी विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि हर किसी को अपनी बात रखने की आजादी है, लेकिन सरकार इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस तेजी से कार्रवाई कर रही है और सच जल्द सामने आएगा।

DGP का बयान

मामले में DGP ने भी बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस को समय पर सूचना नहीं दी गई थी और अस्पताल से जानकारी मिली। इस लापरवाही के चलते हॉस्टल संचालक पर कार्रवाई की जाएगी और हॉस्टल का लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

Tags:    

Similar News

TRE-4 शिक्षक भर्ती को लेकर पटना में महाआंदोलन का ऐलान: छात्र नेता दिलीप बोले– शिक्षा मंत्री पर नहीं रहा भरोसा

मणिपुर में 'कमल' के साथ खड़ा हुआ 'तीर': वाई खेमचंद ने ली CM पद की शपथ, जदयू के समर्थन से बढ़ी बीजेपी की ताकत