बिहार में फिर NDA सरकार: नीतीश का इस्तीफा, कल 10वीं बार लेंगे CM पद की शपथ; PM मोदी होंगे शामिल

NDA विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद नीतीश कुमार ने बुधवार को राज्यपाल को इस्तीफा सौंपकर सरकार बनाने का दावा पेश किया। शपथ ग्रहण गुरुवार को 11:30 बजे गांधी मैदान में होगा। PM मोदी, 11 राज्यों के CM और 150 VIP मेहमान शामिल होंगे।

Updated On 2025-11-19 20:31:00 IST

Bihar government formation

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने NDA विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद बुधवार को राज्यपाल से मिलकर अपना इस्तीफा सौंपा और सरकार बनाने का दावा पेश किया है। नीतीश गुरुवार, 20 नवंबर को लगातार 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह दोपहर 11:30 बजे पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में होगा, जहां इसे भव्य रूप देने की तैयारी की जा चुकी है।

शपथ ग्रहण की भव्य तैयारी

गांधी मैदान में दो बड़े मंच बनाए गए हैं, जहां से शपथ ग्रहण कार्यक्रम का संचालन होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश के करीब 11 राज्यों के मुख्यमंत्रियों के समारोह शामिल होने की खबर है। इसके अलावा लगभग 150 VIP अतिथियों को विशेष तौर पर निमंत्रण भेजा गया है। सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर प्रशासन ने विशेष प्लान तैयार किया है।

नीतीश कुमार को सर्वसम्मति से चुना गया NDA विधायक दल का नेता

बैठक की तीन तस्वीरें 






NDA ने नीतीश को नेता चुना

बुधवार को राजनीतिक गतिविधियां पूरे दिन तेज रहीं। सबसे पहले जदयू विधायक दल की बैठक में नीतीश कुमार को नेता चुना गया। वहीं बीजेपी विधायक दल की बैठक हुई, जिसमें सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता और विजय कुमार सिन्हा को उपनेता चुना गया। दोनों नेताओं को उपमुख्यमंत्री बनाया जाना तय माना जा रहा है।

इसके बाद विधानसभा के सेंट्रल हॉल में दोपहर 3.30 बजे NDA विधायक दल की बैठक हुई, जहां सभी दलों ने सर्वसम्मति से नीतीश कुमार को अपना नेता चुना।

केंद्रीय पर्यवेक्षक भी पटना पहुंचे

बीजेपी संसदीय बोर्ड की ओर से बिहार सरकार गठन की प्रक्रिया के लिए तीन केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए थे-

  • केशव प्रसाद मौर्य (मुख्य पर्यवेक्षक)
  • अर्जुन राम मेघवाल
  • साध्वी निरंजन ज्योति

तीनों पर्यवेक्षक मंगलवार रात ही पटना पहुंच चुके थे और बुधवार को दिनभर बैठकों में व्यस्त रहे।

आज तय होगा मंत्रिमंडल का अंतिम फॉर्मूला

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज पटना पहुंच रहे हैं। वे नीतीश कुमार और अन्य NDA नेताओं के साथ मंत्रिमंडल विस्तार को अंतिम रूप देने के लिए बैठक करेंगे। उम्मीद है कि विभागों का वितरण आज ही तय कर लिया जाएगा, ताकि शपथ ग्रहण के तुरंत बाद नई सरकार बिना देरी काम शुरू कर सके।

Live Updates
2025-11-19 17:12 IST

Bihar Govt Formation LIVE Updates: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यपाल से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंप दिया। इसके साथ ही एनडीए गठबंधन के नेताओं ने नई सरकार के गठन के लिए नीतीश कुमार के नाम पर समर्थन का पत्र राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को सौंप दिया।

2025-11-19 17:03 IST

Bihar Govt Formation LIVE Updates: CM नीतीश कुमार अपना इस्तीफा देने के लिए राज भवन पहुंच गए हैं। विधानसभा स्थित सेंट्रल हॉल से मुख्यमंत्री सीधे अपने आवास पहुंचे, उसके बाद वो राज भवन के लिए रवाना हुए। 

2025-11-19 16:51 IST

Bihar Govt Formation LIVE Updates: केंद्रीय मंत्री एवं एलजेपी-रामविलास राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा, " NDA विधायक दल की बैठक ने सीएम नीतीश कुमार को NDA विधायक दल का नेता चुना है। बिहार की जनता ने NDA पर विश्वास करते हुए प्रचंड जीत देने का काम किया है ऐसे में हम सब पर बड़ी जिम्मेदारी है कि जनता के इस विश्वास पर हम खरा उतरें। कल शपथ के बाद जो वादे हमने किए हैं वो जल्द से जल्द पूरे किए जाए।"


2025-11-19 16:39 IST

Bihar Govt Formation LIVE Updates: बिहार में गुरुवार को नई सरकार का गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा। इस भव्य शपथ समारोह में प्रधानमंत्री मोदी समेत 11 राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। 

1. नरेन्द्र मोदी (प्रधानमंत्री)

2.अमित शाह (गृहमंत्री)

3.राजनाथ सिंह (रक्षामंत्री)

4.जेपी नड्‌डा (माननीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री)

5.शिवराज सिंह चौहान (कृषि मंत्री)

6.योगी आदित्यनाथ (मुख्यमंत्री यूपी)

7.मोहन यादव (मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश)

8.मोहन चरण मांझी (मुख्यमंत्री उड़ीसा)

9.भजनलाल शर्मा (मुख्यमंत्री राजस्थान)

10. प्रमोद सावंत (मुख्यमंत्री गोवा)

11.देवेन्द्र फडनवीस (मुख्यमंत्री महाराष्ट्र)

12.श्रीमति रेखा गुप्ता (मुख्यमंत्री दिल्ली)

13.हेमंत विश्व शर्मा (मुख्यमंत्री असम)

14.पुष्कर सिंह धामी (मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड)

15.चन्द्र बाबू नायडू (मुख्यमंत्री आन्ध्रप्रदेश)

16.माणिक साहा (माननीय मुख्यमंत्री त्रिपुरा)



2025-11-19 16:37 IST

Bihar Govt Formation LIVE Updates: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को NDA ने विधायक दल का नेता चुना लिया है। इसके बाद वह राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपेंगे। वहीं कल वह सीएम के रूप में एक बार फिर शपथ लेंगे।

2025-11-19 16:15 IST

Bihar Govt Formation LIVE Updates: भारतीय जनता पार्टी उपमुख्यमंत्री के दो पद अपने पास रखेगी। नवगठित सरकार में सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा दोनों का उपमुख्यमंत्री बनना तय है। गुरुवार को दोपहर 1.30 बजे गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह होगा।

2025-11-19 16:02 IST

Bihar Govt Formation LIVE Updates: नीतीश कुमार को एनडीए विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से नेता चुना गया। बैठक में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार के नाम का प्रस्ताव रखा था, जिसे पूर्ण समर्थन मिला।नीतीश कुमार कल दसवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह कल आयोजित होगा। वह थोड़ी देर में राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।


2025-11-19 15:50 IST

Bihar Govt Formation LIVE Updates: पटना। HAM(S) के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष कुमार सुमन ने कहा, "मेरी शुभकामना है। हमें पता ही था कि माननीय मुख्यमंत्री (नीतीश कुमार) दोबारा मुख्यमंत्री बनेंगे। अभी NDA विधायक दल की बैठक होगी और विधायक दल के नेता चुने जाएंगे। उसके बाद अपना दावा पेश करेंगे।"


2025-11-19 15:46 IST

Bihar Govt Formation LIVE Updates: पटना। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा, "अभी बैठक होने जा रही है। 5 दल के विधायक वहां पर जुटे हैं और वहां पर एक निर्णय होगा कि सीएम के लिए कौन नेता चुना जाएगा। हम समझते हैं कि नीतीश कुमार को ही होना चाहिए लेकिन अभी हम नहीं कह सकते हैं, बैठक में तय होगा कि कौन नेता चुना गया। तभी हम बता सकते हैं कि कौन नेता होगा। "

2025-11-19 15:40 IST

Bihar Govt Formation LIVE Updates: पटना। बिहार के कार्यवाहक सीएम नीतीश कुमार एनडीए की बैठक के लिए विधानसभा पहुंचे।


Tags:    

Similar News