Bihar Election 2025: महागठबंधन ने किया बड़ा ऐलान, तेजस्वी यादव होंगे CM फेस, गहलोत बोले- NDA बताए उनका चेहरा कौन?
Bihar Election News: बिहार चुनाव से पहले महागठबंधन ने बड़ा ऐलान किया है। RJD प्रमुख तेजस्वी यादव को CM फेस घोषित किया गया। कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा- NDA अब बताए उसका मुख्यमंत्री चेहरा कौन होगा।
Bihar Election 2025 Latest News: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन ने बड़ा राजनीतिक दांव चला है। RJD प्रमुख तेजस्वी यादव को आधिकारिक तौर पर मुख्यमंत्री पद का चेहरा (CM Face) घोषित किया गया है। इस बात की घोषणा कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने महागठबंधन की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में की।
गहलोत ने कहा कि अगर महागठबंधन की सरकार बनी, तो मुकेश सहनी को उपमुख्यमंत्री बनाया जाएगा और अन्य उपमुख्यमंत्री भी पिछड़े वर्गों से चुने जाएंगे। उन्होंने कहा, "हमारा नेता तेजस्वी यादव हैं। NDA बताए कि उनका मुख्यमंत्री चेहरा कौन है? सिर्फ नीतीश कुमार के नाम पर चुनाव लड़ने की बात कहने से काम नहीं चलेगा।"
तेजस्वी यादव बोले- “जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरूंगा”
तेजस्वी यादव ने सभी दलों का धन्यवाद करते हुए कहा- “मैं महागठबंधन के सभी नेताओं का आभारी हूं जिन्होंने मुझ पर भरोसा जताया। मैं वादा करता हूं कि इस भरोसे पर खरा उतरूंगा। 20 साल पुरानी निकम्मी सरकार को अब उखाड़ फेंकेंगे।”
उन्होंने NDA पर निशाना साधते हुए कहा कि “नीतीश कुमार जी के साथ अन्याय हो रहा है। उन्हें CM फेस घोषित नहीं किया गया क्योंकि बीजेपी उन्हें फिर मुख्यमंत्री नहीं बनाना चाहती। अमित शाह खुद कई बार यह संकेत दे चुके हैं। जेडीयू के कुछ नेता भाजपा के लिए काम कर रहे हैं और अपनी ही पार्टी को कमजोर बना रहे हैं।”
अशोक गहलोत बोले- “देश के हालात गंभीर, बिहार तय करेगा दिशा”
बिहार कांग्रेस प्रभारी अशोक गहलोत ने कहा कि देश के हालात बेहद गंभीर हैं और लोग चिंतित हैं कि देश किस दिशा में जा रहा है। उन्होंने कहा- “बेरोजगारी, किसान संकट और युवाओं की चिंता जैसे मुद्दे अब चुनाव के केंद्र में हैं। लोकतंत्र का सिर्फ मुखौटा रह गया है, लेकिन जनता बदलाव चाहती है।”
गहलोत ने आगे कहा कि लोकसभा चुनाव में बीजेपी को जनता ने पहले ही सबक सिखाया और 240 सीटों पर समेट दिया। “तेजस्वी यादव ने उस वक्त भी कमाल किया था, अब बिहार में फिर इतिहास दोहराया जाएगा।”