SL vs AFG ODI: अफगानिस्तान के खिलाफ श्रीलंका की वनडे टीम का ऐलान, एशिया कप जिताने वाले कप्तान का कटा पत्ता

Sri Lanka ODI Squad Announced vs Afghanistan: अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए श्रीलंका की टीम का ऐलान हो गया है। पूर्व कप्तान दासुन शनाका को टीम में जगह नहीं मिली है।

Updated On 2024-02-08 16:36:00 IST
श्रीलंका ने अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया।

Sri Lanka ODI Squad Announced vs Afghanistan: पूर्व कप्तान दासुन शनाका को अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए श्रीलंका की 16 सदस्यीय टीम में जगह नहीं मिली है। पिछले महीने जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज के लिए चुनी गई टीम में से तीन खिलाड़ियों को अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज की टीम से बाहर रखा गया है। इसमें से शनाका एक हैं।

मध्यक्रम के आक्रामक बल्लेबाज नुवानिदु फर्नांडो और लेग स्पिनर जेफरी वांडरसे अन्य दो खिलाड़ी हैं, जो नहीं खेल पाएंगे, जबकि ऑलराउंडर चमिका करुणारत्ने और सलामी बल्लेबाज शेवोन डेनियल को टीम में चुना गया है। 

दासुन शनाका को श्रीलंका की वनडे टीम से हटाया जाना कोई हैरानी की बात नहीं है। क्योंकि उनका वनडे में हालिया प्रदर्शन फीका रहा है। शनाका ने जनवरी 2023 से अबतक 21 पारियों में एक अर्धशतक जमाया है और महज 12.25 की औसत से रन बनाए हैं।

जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज से पहले उनसे श्रीलंका की लिमिटेड ओवर क्रिकेट टीम की कप्तानी छीन ली गई थी। हालांकि, उन्होंने प्लेइंग-11 में अपनी जगह बरकरार रखी थी। पहले दो मैचों में 8 और 7 के स्कोर के बाद शनाका को तीसरे वनडे से बाहर कर दिया गया था। शनाका की कप्तानी में श्रीलंका ने 2022 में एशिया कप जीता था। उन्हें वनडे विश्व कप के दौरान भी श्रीलंका क्रिकेट टीम का कप्तान बनाया गया था। 

करुणारत्ने, जो संभवतः दासुन शनाका के सीधे रिप्लेसमेंट होंगे। वो आखिरी बार अक्टूबर-नवंबर में विश्व कप में श्रीलंका के लिए खेले थे। हालांकि उनके पास पावर-हिटर के रूप में शनाका की क्षमता नहीं है। करुणारत्ने का वनडे और टी20 में क्रमशः 78.43 और 106.20 के स्ट्राइक रेट है। हालांकि, एक गेंदबाज के रूप में वो ज्यादा प्रभावी हैं। 

गेंदबाजी के मोर्चे पर, वानिंदु हसरंगा और महीश तीक्ष्णा स्पिन डिपार्टमेंट की अगुआई करेंगे, जिसमें अकिला धनंजय और ऑलराउंडर द्यूनिथ वेलालागे भी शामिल हैं। दुष्मंता चमीरा, दिलशान मदुशंका, प्रमोद मदुशन और करुणारत्ने सीम-बॉलिंग यूनिट में शामिल हैं।

अफगानिस्तान के खिलाफ श्रीलंका का वनडे स्क्वॉड: कुसल मेंडिस (कप्तान), चरिथ असालंका, पाथुम निसंका, अविष्का फर्नांडो, सदीरा समराविक्रमा, साहन अराचिगे, शेवॉन डेनिएल, जनिथ लियानागे, चमिका करुणारत्ने, महीश तीक्ष्णा, दिलशान मधुशंका, दुश्मंता चमीरा, द्यूनिथ वेलालागे, प्रमोद मधुशन, अकिला धनंजय, वानिंदु हसारंगा। 

Similar News