T20 World Cup 2024: 2 भारतीय टी20 विश्व कप में विरोधी गेंदबाजों की उड़ा देंगे नींद, रवि शास्त्री ने बताए नाम

T20 World Cup 2024: टी20 विश्व कप 2024 में भारत के लिए कौन से 2 खिलाड़ी गेमचेंजर साबित हो सकते हैं। रवि शास्त्री ने उनके नाम बताए हैं।

Updated On 2024-05-07 17:39:00 IST
रवि शास्त्री ने दो भारतीयों के नाम बताए हैं, जो टी20 विश्व कप में गेमचेंजर होंगे।

नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप में अब महीने भर से भी कम का वक्त बचा है। बीसीसीआई ने भी भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। इस बीच, रवि शास्त्री ने भारतीय टीम में चुने गए 2 खिलाड़ियों के लिए बड़ी भविष्यवाणी की है। शास्त्री ने कहा है कि ये दोनों खिलाड़ी विपक्षी गेंदबाजों की नींद हराम कर सकते हैं। ये दो खिलाड़ी कोई और नहीं, यशस्वी जायसवाल और शिवम दुबे। इन दोनों को भारत की 15 सदस्यीय टीम में जगह मिली है। शास्त्री की नजर में ये दोनों गेमचेंजर साबित हो सकते हैं। 

रवि शास्त्री ने कहा,"आपको दो जेंटलमैन पर नजर रखनी होगी और दोनों बाएं हाथ के बैटर्स हैं और दोनों का ये पहला विश्व कप है। यशस्वी जायसवाल के बारे में हमने बहुत सुना है। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी की थी। वो टॉप ऑर्डर में दमदार बैटिंग करते हैं। वो युवा हैं, बेखौफ हैं और अपने शॉट्स खुलकर खेलते हैं।"

शिवम और यशस्वी पर नजर रहेगी:शास्त्री
शास्त्री ने आगे कहा कि दूसरे बैटर मिडिल ऑर्डर में खेलते हैं। उनपर नजर रखना। वो मैच विनर हैं। वो मजे के लिए छक्के मार देते हैं। स्पिन गेंदबाजों के लिए तो दुबे काल हैं। वो कई गेंद को स्टेडियम के पार पहुंचा देंगे। वो लंबे छक्के मारते हैं और स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ तो उनकी पावर हिटिंग देखने लायक होती है। 

शास्त्री ने आगे कहा, "तेज गेंदबाजों के खिलाफ भी शिवम ने अपने खेल में बहुत सुधार किया है। उन्हें शॉर्ट गेंद को खेलना भी आ गया है। और मुझे लगता है कि वो नंबर पांच या 6 पर अहम साबित होंगे। आपको इस नंबर पर ऐसे बल्लेबाज चाहिए जो 20-25 गेंद में खेल का नक्शा पलट दें। उनका स्ट्राइक रेट 200 के आसपास रहता है। इससे भारतीय टीम को बड़ा स्कोर बनाने में काफी मदद मिलेगी। टी20 विश्व कप में बड़ा स्कोर खड़ा करने में शिवम भारतीय टीम के काम आ सकते हैं।"

Similar News