T20 World Cup 2024: जानिए कब होगा भारतीय टीम का ऐलान, 11 साल का सूखा खत्म करना चाहेंगे रोहित शर्मा

T20 World Cup 2024: भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही टेस्ट सीरीज अब खत्म होने की कगार पर है। सीरीज का आखिरी मुकाबला 7 मार्च से धर्मशाला में खेला जाएगा। इसके बाद IPL 2024 और फिर टी20 विश्व कप 2024 का आयोजन होगा।

Updated On 2024-03-01 22:03:00 IST
9 जून को पाकिस्तान से भिड़ेगी भारतीय टीम।

T20 World Cup 2024: भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही टेस्ट सीरीज अब खत्म होने की कगार पर है। सीरीज का आखिरी मुकाबला 7 मार्च से धर्मशाला में खेला जाएगा। इसके बाद IPL 2024 और फिर टी20 विश्व कप 2024 का आयोजन होगा। दुनियाभर के क्रिकेट प्रेमियों को इस साल होने वाले टी20 विश्व कप का बेसब्री से इंतजार है। वहीं भारतीय फैंस भी चाहते हैं कि टीम इंडिया 13 साल के सूखे को खत्म कर इस साल ICC की यह ट्रॉफी अपने नाम करे। विश्व कप के लिए भारतीय टीम का ऐलान कब होगा, इसको लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। टी20 विश्व कप 2024 के लिए 1  मई को भारतीय टीम का ऐलान हो सकता है। टीम इंडिया की कप्तानी रोहित शर्मा करेंगे।

1 जून से होगी शुरुआत
इस बार टी20 विश्व कप अमेरिका और वेस्टइंडीज की मेजबानी में खेला जाएगा। टूर्नामेंट की शुरुआत 1 जून से होगी, वहीं भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 5 जून से आयरलैंड के खिलाफ करेगी। अपने दूसरे मैच में टीम इंडिया का सामना चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान से होगा। यह मैच 9 जून को खेला जाएगा। BCCI सूत्रों के अनुसार टी20 विश्व कप 2024 के लिए भारतीय टीम का ऐलान 1 मई को हो सकता है। हालांकि, इस बारे में अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। खबरों की मानें तो 15 सदस्यीय स्क्वॉड ऐलान की आखिरी तारीख 1 मई हो सकती है। इसके साथ ही 25 मई तक टीमों में बदलाव की गुंजाइश होगी। हालांकि, इसके लिए ICC की टेक्निकल कमेटी से एप्रूवल लेना जरूरी होगा।

26 मई को खेला जा सकता IPL 2024 का फाइनल
1 मई तक इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के आधे मुकाबले खेले जा चुके होंगे। ऐसे में लीग में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भारतीय स्क्वॉड में जगह मिल सकती है। साथ ही स्क्वॉड में 25 मई तक बदलाव भी किया जा सकता है और 26 मई को IPL 2024 का फाइनल खेले जाने की संभावना है। ऐसे में BCCI के पास IPL 2024 के फाइनल से पहले भारतीय स्क्वॉड में बदलाव की गुंजाइश होगी।

हाल ही में बीसीसीआई सचिव जय शाह ने साफ कर दिया था कि टी20 विश्व कप 2024 में रोहित शर्मा ही भारत के कप्तान होंगे साथ ही हार्दिक पांड्या उपकप्तान की जिम्मेदारी संभालेंगे। विराट कोहली इस टूर्नामेंट को खेलेंगे या नहीं, इसको लेकर अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है। बता दें कि भारतीय टीम ने 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी, इसके बाद से ही ICC ट्रॉफी का सूखा जारी है। 

ये भी पढ़ें: IPL 2024: पहले सीजन से लगातार IPL का हिस्सा हैं ये खिलाड़ी, इस बार भी मैदान पर आएंगे नजर

Similar News