Under 19 World Cup 2024: उदय सहारन बन सकते हैं विश्व कप जीतने वाले छठे भारतीय कप्तान, क्या आप 5 खिलाड़ियों के जानते हैं नाम

Uday Saharan, Virat Kohli: दक्षिण अफ्रीका में इन दिनों खेले जा रहे अंडर-19 विश्व कप 2024 में भारतीय टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है।

By :  Desk
Updated On 2024-02-07 18:21:00 IST
11 फरवरी को खेला जाएगा फाइनल।

Uday Saharan, Virat Kohli: दक्षिण अफ्रीका में इन दिनों खेले जा रहे अंडर-19 विश्व कप 2024 में भारतीय टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। विजयी रथ पर सवार उदय सहारन की कप्तानी वाली भारतीय अंडर-19 टीम ने मंगलवार को पहले सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका अंडर-19 टीम को 2 विकेट से हराया था। इसके साथ ही भारतीय टीम लगातार 5वीं और कुल 9वीं बार अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में पहुंची। अब भारतीय टीम की नजर 11 फरवरी को होने वाले निर्णायक मुकाबले को जीतकर छठी बार खिताब जीतने पर होगी। फाइनल में भारतीय अंडर-19 टीम की भिड़ंत ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 और पाकिस्तान अंडर-19 के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम से होगी। इस मैच को जीतकर भारतीय कप्तान उदय सहारन इतिहास रच सकते हैं। 

ये भी पढ़ें: IND vs SA U19 WC: पापा की एक बात आई उदय सहारन के काम, वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में कैसी पलटी बाजी? खुद बताई पूरी कहानी

भारत ने 5 बार जीता खिताब
भारतीय टीम ने अब तक 5 बार अंडर-19 विश्व कप का खिताब जीता है। टीम इंडिया ने पहली बार साल 2000 में मोहम्मद कैफ की कप्तानी में अंडर-19 विश्व कप की ट्रॉफी उठाई थी। निर्णायक मुकाबले में भारत ने श्रीलंका अंडर-19 टीम को हराया था। साल 2008 में विराट कोहली की कप्तानी वाली भारतीय अंडर-19 टीम ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर दूसरी पर खिताब पर कब्जा किया था। भारतीय टीम ने तीसरी बार साल 2012 में उन्मुक्त चंद की कप्तानी में अंडर-19 विश्व कप जीता था। फाइनल में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हराया था। पृथ्वी शॉ की अगुआई वाली भारतीय अंडर-19 टीम ने साल 2018 में चौथी बार खिताब अपने नाम किया था। टूर्नामेंट के फाइनल में भारत ने कंगारू टीम को परास्त किया था। इसके अलावा यश ढुल की कप्तानी वाली भारतीय अंडर-19 टीम ने 2022 के फाइनल में इंग्लैंड अंडर-19 टीम को हराकर ट्रॉफी उठाई थी। 

इतिहास रचने से एक जीत दूर उदय
उदय सहारन की कप्तानी वाली भारतीय टीम फाइनल में जगह बना चुकी है। ऐसे में वह इतिहास रचने से सिर्फ एक जीत दूर हैं। इसके अलावा भारतीय टीम भी रिकॉर्ड छठी बार खिताब अपने नाम कर सकती है। अगर भारतीय टीम 11 फरवरी को होने वाला निर्णायक मैच जीतती है तो उदय दिग्गज क्रिकेटर विराट कोहली के क्लब में शामिल हो जाएंगे। वह मोहम्मद कैफ, विराट कोहली, उन्मुक्त चंद, पृथ्वी शॉ और यश ढुल के बाद अंडर-19 विश्व कप जीतने वाले छठे भारतीय कप्तान भी बन जाएंगे। 

टूर्नामेंट में भारतीय टीम का प्रदर्शन

  • भारतीय अंडर-19 टीम ने अपने पहले मैच में बांग्लादेश अंडर-19 टीम को 84 रन से हराया था। 
  • ग्रुप स्टेज के दूसरे मैच में भारत ने आयरलैंड अंडर-19 टीम को 201 रन से मात दी। 
  • साथ ही तीसरे मैच में भारतीय अंडर-19 टीम ने US अंडर-19 टीम को 201 रन से पटखनी दी थी। 
  • सुपर-6 के पहले मैच में भारत अंडर-19 टीम ने न्यूजीलैंड अंडर-19 टीम को 214 रन से रौंदा था। 
  • सुपर-6 के अपने दूसरे मैच में उदय सहारन की कप्तानी वाली टीम ने नेपाल अंडर-19 टीम को 132 रन से परास्त किया था।
  • रोमांचक सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका अंडर-19 टीम को 2 विकेट से धूल चटाई।

ये भी पढ़ें: U19 World Cup: कौन हैं उदय सहारन जिन्होंने भारतीय टीम को फाइनल में पहुंचाया, धोनी से है खास कनेक्शन

Similar News