Brij Bhushan Singh Case: विनेश फोगाट का बड़ा आरोप, गवाही से पहले महिला पहलवानों की सुरक्षा हटी
भारतीय स्टार पहलवान विनेश फोगाट ने एक बार फिर भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
Brij Bhushan Singh Case: भारतीय स्टार पहलवान विनेश फोगाट ने एक बार फिर भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। विनेश फोगाट ने सोशल मीडिया के जरिए यह आरोप लगाया है। विनेश फोगाट ने कहा है कि बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ गवाही देने से पहले महिला पहलवानों की सुरक्षा दिल्ली पुलिस द्वारा हटा दी गई है।
दिल्ली पुलिस ने दिया स्पष्टीकरण
हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इस मामले में स्पष्टीकरण देते हुए कहा है कि उन्होंने किसी भी महिला गवाह की सुरक्षा हटाए जाने का कोई आदेश नहीं दिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, तीन महिला पहलवानों को अभी भी सुरक्षा दी जा रही है। लेकिन विनेश फोगाट के इस आरोप ने मामले को फिर से सुर्खियों में ला दिया है।
पेरिस ओलंपिक में सिल्वर से चूकीं विनेश
विनेश फोगाट (Vinesh Phogat) पेरिस ओलंपिक 2024 के बाद से लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं। उन्होंने 6 अगस्त को एक ही दिन में 50 किग्रा फ्रीस्टाइल कुश्ती के तीन मुकाबले जीतकर फाइनल में जगह बनाई। हालांकि, वजन बढ़ने की वजह से विनेश को डिसक्वालिफाई कर दिया गया। विनेश सिल्वर मेडल से चूंक गई। इसके बाद पूरे देश से विनेश को सहानुभूति मिली। ऐसे में उनका यह आरोप और भी अहम हो जाता है, क्योंकि फिलहाल वह अपने करियर के शीर्ष पर हैं और इस तरह के मामलों में उनका बयान अहम हो सकता है।
बृजभूषण सिंह के खिलाफ कई आरोप
बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोप पहले से ही अदालत में हैं, और उन्होंने मई 2024 में अदालत में पेश होकर खुद को निर्दोष बताया था। हालांकि, विनेश फोगाट और अन्य महिला पहलवानों द्वारा लगाए गए आरोपों में अपनी दलील दी थी। कोर्ट इस मामले में बृज भूषण शरण सिंह के खिलाफ आरोप तय कर चुका है। अब इस मामले में दिल्ली के रोज एवेन्यू कोर्ट में एक बार फिर से महिला पहलवानों की गवाही होने वाली है।