Julana Election Result 2024 : विनेश फोगाट के सियासी दंगल जीतने पर बृजभूषण सिंह का तंज, बोले- वो जीतीं पर कांग्रेस का सत्यानाश हो गया

Vinesh Phogat Julana Election Result 2024 : रेसलर विनेश फोगाट हरियाणा विधानसभा चुनाव जीत गईं। उनकी जीत पर भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि विनेश भले ही जीत गईं पर कांग्रेस का तो सत्यानाश हो गया।

Updated On 2024-10-08 15:55:00 IST
Brij Bhushan Sharan Singh on Vinesh Phogat

Brij Bhushan Sharan Singh on Vinesh Phogat: हरियाणा विधानसभा चुनाव में विनेश फोगाट की जीत हुई। उन्होंने जुलाना से भाजपा उम्मीदवार योगेश कुमार को 6 हजार से अधिक वोट से हराया। ये सियासी दंगल में विनेश की पहली जीत है। इस पर भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह का बड़ा बयान आया है। बृजभूषण सिंह ने कहा कि विनेश फोगाट तो जीत गईं लेकिन कांग्रेस का सत्यानाश हो गया। वो जहां कदम रखती हैं, वहां सत्यानाश हो जाता है। 

बृजभूषण शरण सिंह ने आगे कहा कि जिस तरीके से हरियाणा में किसानों, जवानों और पहलवानों के नाम पर लोगों को गुमराह करने की कोशिश की गई थी, उसे जनता ने सिरे से नकार दिया। उन्होंने विनेश को लेकर कहा कि ठीक है वो यहां (रेसलिंग) भी बेईमानी से जीत जाती थीं और अब वहां (जुलाना) भी जीत गईं। लेकिन उनकी इस जीत के चक्कर में तो कांग्रेस की नैया डूब गई। ये जीतने वाले पहलवान नायक नहीं, खलनायक हैं।

बता दें कि भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह पर पिछले साल कई महिला पहलवानों ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। तब वो भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष थे। इसे लेकर विनेश, बजरंग पूनिया और साक्षी मलिक जैसे पहलवान काफी दिनों तक दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरने पर बैठे थे। कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद दिल्ली पुलिस ने बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया था। निचली कोर्ट ने इसी साल मई में भाजपा के पूर्व सांसद के खिलाफ धमकी देने, यौन उत्पीड़न को लेकर आरोप तय किए थे। इसके बाद बृजभूषण ने हाई कोर्ट का रुख किया था। ये मामला अभी कोर्ट में चल रहा है। 

Similar News