Yashasvi Jaiswal: यशस्वी जायसवाल ने 23 की उम्र में किया बड़ा कारनामा, ब्रैडमैन-सचिन के स्पेशल क्लब में मारी एंट्री
Yashasvi Jaiswal century record: भारतीय ओपनर यशस्वी जायसवाल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट के पहले दिन शतक ठोका। ये उनके करियर का 7वां शतक है। वो 24 की उम्र होने से पहले 7 या उससे अधिक शतक लगाने वाले ग्रेट बल्लेबाजों की लिस्ट में शामिल हो गए।
Yashasvi Jaiswal: यशस्वी जायसवाल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ शतक ठोक इतिहास रचा।
Yashasvi Jaiswal century record: भारतीय ओपनर यशस्वी जायसवाल ने 23 साल की उम्र में बड़ा कारनामा किया है। उन्होंने दिल्ली में वेस्टइंडीज के खिलाफ जारी दूसरे टेस्ट के पहले दिन शतक ठोका। ये उनका 7वां टेस्ट शतक है। इस शतकीय पारी के साथ ही वो विश्व क्रिकेट के ग्रेट बल्लेबाजों के स्पेशल क्लब में शामिल हो गए। इतनी कम उम्र में 7 शतक लगाना टेस्ट क्रिकेट में बड़ी उपलब्धि है।
यशस्वी की ये सेंचुरी स्पेशल है क्योंकि वो टेस्ट क्रिकेट में 24 की उम्र पूरी करने से पहले 7 या उससे अधिक शतक लगाने वाले दिग्गजों की लिस्ट में आ गए हैं। इससे पहले, सिर्फ डॉन ब्रैडमैन (12 शतक), सचिन तेंदुलकर (11 शतक), गारफील्ड सोबर्स (9 शतक) ने 24 साल का होने से पहले ही यशस्वी से ज्यादा शतक ठोक दिए थे।
यशस्वी के अलावा पाकिस्तान के पूर्व कप्तान जावेद मियांदाद, दक्षिण अफ्रीका के ग्रीम स्मिथ, एलिस्टेयर कुक और केन विलियम्सन ने भी अपने करियर में 24 साल के होने से पहले 7-7 शतक जमाए थे। यशस्वी ने अपने प्रदर्शन से खुद को इन दिग्गजों के बराबर ला खड़ा किया है।
इस बाएं हाथ के बैटर ने 2023 में टेस्ट डेब्यू किया था। इसके बाद से अबतक 7 शतक ठोक चुके हैं। यशस्वी के डेब्यू से लेकर अबतक भारत के अन्य सभी सलामी बल्लेबाजों ने मिलकर कुल 6 शतक जमाए हैं। यशस्वी के पहला टेस्ट खेलने के बाद से बाकी टीमों के सलामी बल्लेबाजों में सबसे ज्यादा सेंचुरी इंग्लैंड के बेन डकेट ने ठोकी है। उन्होंने इस दौरान 4 शतक जमाए हैं। इससे साफ हो जाता है कि एक ओपनर के तौर पर बीते 2 साल में यशस्वी का रुतबा कितना बढ़ गया है।
वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट में यशस्वी ने अपने शतक के दौरान एक भी छक्का नहीं लगाया और उन्होंने इसके लिए 145 गेंद ली। इस दौरान उन्होंने साई सुदर्शन के साथ अहम साझेदारी की। खबर लिखे जाने तक यशस्वी 120 रन पर खेल रहे थे।