Irani Cup 2025: विदर्भ की तीसरे खिताब पर नजर, रेस्ट ऑफ इंडिया को 361 रन का लक्ष्य; 2 विकेट भी झटके
Irani Cup 2025:विदर्भ ने नागपुर में खेले जा रहे ईरानी कप में रेस्ट ऑफ इंडिया को 361 रनों का बड़ा लक्ष्य दिया।लक्ष्य का पीछा करते हुए रेस्ट ऑफ इंडिया ने चौथे दिन का खेल खत्म होने तक शुरुआती दो विकेट खो दिए।
विदर्भ ने रेस्ट ऑफ इंडिया को ईरानी कप में 361 रन का लक्ष्य दिया है।
Irani Cup 2025: ईरानी कप के रोमांचक मुकाबले में विदर्भ ने रेस्ट ऑफ इंडिया के सामने जीत के लिए 361 रन का लक्ष्य रखा और चौथी पारी में शुरुआती दो विकेट लेकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली। चौथे दिन का खेल खत्म होने तक रेस्ट ऑफ इंडिया ने 30 रन पर 2 विकेट गंवा दिए।
चौथे दिन की शुरुआत विदर्भ ने 96/2 के स्कोर से की थी लेकिन जल्दी-जल्दी विकेट गिरने से टीम 105/5 तक सिमट गई। हालांकि कप्तान अक्षय वाडकर (36), हर्ष दुबे (29) और दर्शन नालकांडे (39) ने निचले क्रम पर अहम पारियां खेलकर स्कोर को 232 तक पहुंचाया।
रेस्ट ऑफ इंडिया के गेंदबाज अंशुल कम्बोज सबसे घातक साबित हुए। उन्होंने सिर्फ 12 ओवर में 34 रन देकर 4 विकेट चटकाए। कम्बोज ने विदर्भ के टॉप और मिडिल ऑर्डर को ध्वस्त कर दिया। दानेश मालेवार, ध्रुव शौरी, यश राठौड़ और कप्तान वाडकर उनके शिकार बने।
रेस्ट ऑफ इंडिया को जब 361 रनों का लक्ष्य मिला, तो उनकी शुरुआत बेहद खराब रही। आदित्य ठाकरे ने आर्यन जुयाल को बोल्ड कर पवेलियन भेजा जबकि हर्ष दुबे ने अभिमन्यु ईश्वरन को एलबीडब्ल्यू किया। दोनों फैसले इतने साफ थे कि ईश्वरन की डीआरएस अपील भी बेकार गई।
स्टंप्स तक ईशान किशन 5* और रजत पाटीदार 2* रन बनाकर नॉटआउट रहे। रेस्ट ऑफ इंडिया को अब जीत के लिए 331 रन और चाहिए जबकि उनके पास आठ विकेट बाकी हैं।
विदर्भ अब तीसरे ईरानी कप खिताब की ओर बढ़ रहा। इससे पहले टीम ने 2017-18 और 2018-19 में यह ट्रॉफी जीती थी। मौजूदा स्थिति को देखते हुए विदर्भ का पलड़ा भारी नजर आ रहा है और इसकी नजर तीसरे खिताब पर होगी। मैच की अगर बात करें तो विदर्भ ने पहली पारी में 342 रन बनाए थे इसके जवाब में रेस्ट ऑफ इंडिया की पहली पारी 214 रन पर खत्म हुई थी। इस तरह 128 रन की लीड मिली थी। दूसरी पारी में विदर्भ ने 232 रन बनाए और इस तरह रेस्ट ऑफ इंडिया को 361 रन का टारगेट दिया।