Rohit-Virat: रोहित-विराट की आड़ में कोच गंभीर पर साधा निशाना? शाहिद अफरीदी अबतक गौतम को भूले नहीं

शाहिद अफरीदी ने गंभीर पर कटाक्ष किया कि वे खुद को हमेशा सही समझते हैं। अफरीदी ने रोहित और विराट को वनडे टीम की रीढ़ बताते हुए उन्हें 2027 वर्ल्ड कप तक उनके खेलने की उम्मीद जताई।

Updated On 2025-12-09 14:41:00 IST

Shahid Afridi Gautam gambhir fight: पूर्व पाकिस्तान कप्तान शाहिद अफरीदी ने एक बार फिर पुरानी प्रतिद्वंद्विता को हवा दे दी। इस बार उन्होंने गौतम गंभीर पर सीधा निशाना साधते हुए रोहित शर्मा और विराट कोहली की जमकर तारीफ की। टेलीकॉम एशिया स्पोर्ट से बातचीत में अफरीदी ने कहा कि भारत की वनडे टीम में रोहित और विराट को हटाने की कोई गुंजाइश नहीं है क्योंकि वे आज भी टीम की रीढ़ हैं।

अफरीदी ने कहा, "ये सच है कि विराट और रोहित भारतीय बल्लेबाजी की रीढ़ हैं। जिस तरह उन्होंने हाल की वनडे सीरीज में खेला है, साफ दिखता है कि वे 2027 वर्ल्ड कप तक खेल सकते हैं।" उन्होंने सलाह दी कि भारत को इन दोनों दिग्गजों को सिर्फ कमजोर टीमों के खिलाफ आराम देना चाहिए ताकि वे बड़े टूर्नामेंट के लिए फ्रेश रहें। लेकिन असली हमला उन्होंने टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर पर किया। 

अफरीदी ने तंज कसते हुए कहा, "गौतम ने शुरुआत जिस तरह की, ऐसा लगा कि उन्हें लगता है कि जो वो सोचते हैं वही सही है। लेकिन बाद में साबित हो गया कि आप हमेशा सही नहीं हो सकते।" गंभीर और अफरीदी के बीच मैदान पर शुरू हुई पुरानी तनातनी अब भी खत्म होती नहीं दिख रही।

भारत की गंभीर के कोचिंग कार्यकाल में मिली-जुली सफलताएं रही हैं। भारत ने उनकी अगुवाई में चैंपियंस ट्रॉफी और एशिया कप तो जीता, लेकिन न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज गंवाई, जिसने कई सवाल खड़े किए हैं।

शाहिद अफरीदी ने रोहित शर्मा के हाथों अपना वनडे सिक्सेस रिकॉर्ड टूटने पर भी प्रतिक्रिया दी। रोहित ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ रायपुर वनडे में अफरीदी के 351 छक्कों का रिकॉर्ड तोड़ दिया था और अब वे 355 छक्कों पर हैं।

अफरीदी बोले, "रिकॉर्ड टूटने के लिए ही बने हैं। मुझे खुशी है कि मेरा रिकॉर्ड एक ऐसे खिलाड़ी ने तोड़ा जिसे मैं हमेशा पसंद करता रहा हूं।" उन्होंने याद किया कि IPL के पहले सीजन में डेक्कन चार्जर्स के साथ रहते हुए उन्होंने रोहित को करीब से देखा था। अफरीदी ने कहा कि प्रैक्टिस में उनकी बैटिंग देखकर ही लगा था कि ये लड़का एक दिन भारत के लिए खेलेगा। आज वह खुद को साबित कर चुका है। 

अफरीदी के ताज़ा बयानों ने एक बार फिर भारत-पाकिस्तान क्रिकेट के चर्चित विवाद को हवा दे दी है लेकिन इस बार तीर गंभीर की तरफ ज्यादा चले हैं।

Tags:    

Similar News