Arjun Tendulkar Engagement: सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन की हुई सगाई! जानिए कौन हैं सानिया चंडोक
सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर ने सानिया चंडोक से सगाई की है। सानिया मुंबई के बड़े कारोबारी घरानों से आती हैं। जानिए कब होगी शादी।
अर्जुन तेंदुलकर और फैमिली मेंबर्स। (फाइल फोटो)
Arjun Tendulkar Engagement: पूर्व भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के बेटे और युवा क्रिकेटर अर्जुन तेंदुलकर ने सगाई कर ली है। अर्जुन की सगाई सानिया चंडोक से हुई है, जो मुंबई के बड़े और मशहूर कारोबारी परिवार घई फैमिली से ताल्लुक रखती हैं।
सानिया चंडोक कौन हैं?
सानिया चंडोक मशहूर उद्योगपति रवि घई की पौत्री हैं। घई परिवार मुंबई का नामी-गिरामी बिज़नेस हाउस है, जो इंटरकॉन्टिनेंटल मरीन ड्राइव होटल और ब्रुकलिन क्रीमरी (लो-कैलोरी आइसक्रीम ब्रांड) का मालिक है।
सगाई कार्यक्रम में शामिल हुए करीबी लोग
अर्जुन और सानिया की सगाई एक निजी समारोह में हुई, जिसमें दोनों परिवारों के करीबी रिश्तेदार और दोस्त शामिल हुए। आयोजन बेहद सादगी और शालीनता के साथ हुआ, लेकिन इस खास मौके की चर्चा अब पूरे क्रिकेट और बिज़नेस जगत में हो रही है।
अर्जुन तेंदुलकर का क्रिकेट करियर
25 वर्षीय अर्जुन तेंदुलकर घरेलू क्रिकेट में गोवा की टीम के लिए खेलते हैं। इससे पहले वह मुंबई के लिए भी खेल चुके हैं।
- फर्स्ट क्लास: 17 मैच, 37 विकेट (औसत 33.51), 532 रन (औसत 23.13)
- लिस्ट-ए: 18 मैच, 25 विकेट (औसत 31.2), 102 रन (औसत 17)
- टी20: 24 मैच, 27 विकेट (औसत 25.07), 119 रन (औसत 13.22)
अर्जुन तेंदुलकर IPL 2025 में प्रदर्शन
अर्जुन तेंदुलकर मुंबई इंडियंस (MI) का हिस्सा हैं। मेगा ऑक्शन में MI ने उन्हें 30 लाख रुपये की बेस प्राइस पर रिटेन किया था। हालांकि, IPL 2025 सीजन में उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला और पूरा टूर्नामेंट उन्होंने बेंच पर बिताया। अब तक के IPL करियर में अर्जुन ने MI के लिए 5 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 3 विकेट और 13 रन बनाए हैं।
सचिन तेंदुलकर का परिवार
सचिन तेंदुलकर ने 24 मई 1995 को अंजलि तेंदुलकर से शादी की थी। अंजलि पेशे से शिशु रोग विशेषज्ञ रह चुकी हैं और सचिन से छह साल बड़ी हैं। उनकी बेटी सारा तेंदुलकर का जन्म 12 अक्टूबर 1997 को हुआ, जबकि अर्जुन का जन्म 24 सितंबर 1999 को हुआ।
कब होगी अर्जुन और सानिया की शादी?
हालांकि अर्जुन और सानिया की शादी की तारीख का आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन क्रिकेट और इंडस्ट्री जगत में यह चर्चा है कि जल्द ही इस जोड़ी का शाही अंदाज में विवाह होगा।