ऋषभ का ऐतिहासिक कारनामा: इंग्लैंड में गरजा पंत का बल्ला! दोनों पारियों में शतक; इतिहास में दर्ज हुआ नाम
ऋषभ पंत ने इंग्लैंड के खिलाफ हेडिंग्ले टेस्ट में दोनों पारियों में शतक जड़कर इतिहास रच दिया। वह एंडी फ्लावर के बाद ऐसा करने वाले केवल दूसरे विकेटकीपर बने। जानें पूरी जानकारी।
ऋषभ पंत, इंग्लैंड में एक ही मैच के दोनों पारियों में शतक जड़ने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बने
Rishabh Pant Century: भारतीय क्रिकेट टीम के विस्फोटक विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत ने एक बार फिर अपने दमदार प्रदर्शन से इतिहास रच दिया है। इंग्लैंड के खिलाफ चल रहे टेस्ट मैच में पंत ने दोनों पारियों में शतक जड़कर नया कीर्तिमान स्थापित किया। वह पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने इंग्लैंड में एक ही टेस्ट की दोनों पारियों में शतक ठोके हों।
लीड्स टेस्ट की दूसरी पारी में उन्होंने सिर्फ 130 गेंदों में शतक पूरा किया, जिसमें उन्होंने 13 चौके और दो छक्के मारे। यह उनके टेस्ट करियर का 8वां शतक है। उन्होंने इस मैच के पहली पारी में 178 गेंदों में 12 चौकों और 6 सिक्स की मदद से 134 रन बनाए थे।
ऋषभ पंत इस उपलब्धि के साथ एक ही टेस्ट मैच की दोनों पारियों में शतक लगाने वाले दुनिया के केवल दूसरे विकेटकीपर बन गए हैं। इससे पहले ये कारनामा केवल जिम्बाब्वे के एंडी फ्लावर ने साल 2001 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हरारे टेस्ट में किया था, जहां उन्होंने 142 और नाबाद 199 रन बनाए थे।
एक ही टेस्ट की दोनों पारियों में शतक जड़ने वाले भारतीय बल्लेबाज
खिलाड़ी | पहली पारी | दूसरी पारी | विपक्षी टीम | वर्ष |
विजय हजारे | 116 | 145 | ऑस्ट्रेलिया | 1948 |
सुनील गावस्कर | 124 | 220 | वेस्टइंडीज | 1971 |
सुनील गावस्कर | 111 | 137 | पाकिस्तान | 1978 |
सुनील गावस्कर | 107 | 182 | वेस्टइंडीज | 1978 |
राहुल द्रविड़ | 190 | 103 नाबाद | न्यूज़ीलैंड | 1999 |
राहुल द्रविड़ | 110 | 135 | पाकिस्तान | 2005 |
विराट कोहली | 115 | 141 | ऑस्ट्रेलिया | 2014 |
अजिंक्य रहाणे | 127 | 100 नाबाद | दक्षिण अफ्रीका | 2015 |
रोहित शर्मा | 176 | 127 | दक्षिण अफ्रीका | 2019 |
ऋषभ पंत | 134 | 118 | इंग्लैंड | 2025 |