Virat Kohli at MCG Test: विराट कोहली आउट होने के बाद 'आउट ऑफ कंट्रोल', ऑस्ट्रेलियन फैंस को सबक सिखाना चाहते थे  

Virat Kohli at MCG Test: विराट कोहली भारतीय पारी में आउट होने के बाद ऑस्ट्रेलियन फैंस से भिड़ गए। पहले ही ऑस्ट्रेलियन मीडिया में उनकी काफी आलोचना हो रही है।

Updated On 2024-12-27 23:34:00 IST
Virat Kohli

Virat Kohli at MCG Test: मेलबर्न टेस्ट में भारत की पहली पारी अच्छी शुरुआत के बाद लड़खड़ा गई। 2 विकेट जल्दी गिरने के बाद यशस्वी जायसवाल और विराट कोहली ने भारत की पारी को संभाला और स्कोर 100 के पार ले गए। इसके बाद अचानक कुछ ऐसा हुआ और टीम इंडिया ने 6 रन के अंदर 3 विकेट गंवा दिए, जिसके बाद भारतीय पारी मुश्किल में फंस गई है। 

ऑस्ट्रेलियन फैंस ने विराट को उकसाया
41वें ओवर की आखिरी गेंद पर यशस्वी जायसवाल ने मिड ऑन पर शॉट खेलकर तुरंत सिंगल के लिए भागे। नॉन स्ट्राइक एंड पर विराट कोहली ने पहले रन लेने की कोशिश की, लेकिन पेट कमिंस के हाथ में गेंद देखते ही उन्होंने अपने पैर वापस क्रीज में खींच लिए। इस दौरान यशस्वी दूसरी तरफ आ चुके थे। यह देखकर कमिंस ने स्ट्राइक एंड पर बॉल थ्रो की और विकेटकीपर एलेक्स कैरी ने यशस्वी को रन आउट कर दिया। 

यशस्वी जायसवाल के आउट होने के बाद विराट कोहली भी आउट हो गए। स्कॉट बोलेंड की ऑफ स्टंप्स के बाहर की गेंद पर वह कैच आउट हो गए। विराट पर दबाव साफतौर पर देखा गया। विराट कोहली को पवेलियन लौटते समय ऑस्ट्रेलियन फैंस की बातें सुननी पड़ी। शुरुआत में उन्होंने इग्नोर किया। इसके बाद कोहली वापस आए तो फैंस की तरफ देखने लगे। इतने में गार्ड ने स्थिति को भांप लिया और कोहली को ड्रेसिंग रूम ले गए। 
  
इधर, ऑस्ट्रेलियन मीडिया सैम कॉन्स्टस और विराट कोहली के विवाद में पहले से कोहली की आलोचना कर रही है। विराट ने ऑस्ट्रेलियन पारी के दौरान सैम कॉन्स्टस को धक्का मारा था। इसके बाद दोनों के बीच गहमागहमी हुई थी। वहीं, आईसीसी ने कोहली पर मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया था। ऑस्ट्रेलिया में विराट कोहली की आलोचना के बीच उन्हें भारत से सपोर्ट भी मिल रहा है। खासकर पूर्व भारतीय खिलाड़ी रवि शास्त्री, सुनील गावस्कर और इरफान पठान ने कोहली पर हुई कार्रवाई की आलोचना की है। 

भारत पर फॉलोऑन का खतरा 
मेलबर्न टेस्ट में अचानक से 3 विकेट खोने के बाद भारत मुश्किल में फंस गया है। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 5 विकेट के नुकसान पर 164 रन बनाए हैं। क्रीज पर ऋषभ पंत और रवींद्र जडेजा मौजदू है। भारत को फॉलोऑन से बचने के लिए कम से कम 275 रन बनाने होंगे। भारत की तरफ से नीतीश कुमार रेड्डी और वाशिंगटन सुंदर आना शेष हैं। लेकिन मेलबर्न में भारत की स्थिति खराब है और इससे उबरने के लिए किन्हीं 2 बल्लेबाजों को बड़ी पारी खेलनी पड़ेगी, तब जाकर भारत फिर से मुकाबले में आ सकेगा।         

Similar News