Ranji trophy: KKR का सबसे महंगा खिलाड़ी हुआ चोटिल, रिटायर्ड हर्ट होने के बाद वापस लौटा, बना टीम का संकटमोचक

Ranji trophy: कोलकाता नाइट राइडर्स ने वेंकटेश अय्यर को 23.75 करोड़ में खरीदा था। लेकिन, लीग से पहले रणजी ट्रॉफी में उन्हें चोट लग गई। इसके कारण वो रिटायर्ड हुए और संकट में फंसी टीम के लिए वापस लौटे और फिर संकटमोचक की भूमिका निभाई।

Updated On 2025-01-23 18:10:00 IST
venkatesh iyer injury

Ranji trophy: मध्य प्रदेश की तरफ से घरेलू क्रिकेट खेलने वाले वेंकटेश अय्यर ने गुरुवार को केरल के खिलाफ रणजी ट्रॉफी में चोटिल होने के बावजूद संकटमोचक की भूमिका निभाई। वेंकटेश का बल्लेबाजी के दौरान एंकल मुड़ गया था। उस समय मध्य प्रदेश की टीम 4 विकेट पर 49 रन के स्कोर पर थी। वेंकटेश बल्लेबाजी के लिए उतरे ही थे और उन्होंने अपनी पारी में 3 गेंद ही खेली थी। लेकिन, उनका एंकल मुड़ गया। वो काफी दर्द में थे। 

वेंकटेश को दर्द में परेशान देख फीजियो मैदान पर आए और थोड़ी देर बाद वेंकटेश को मैदान से बाहर जाना पड़ा। उस समय भी वो लंगड़ा रहे थे और चेहरे पर दर्द साफ नजर आ रहा था। ये खबर केकेआर के लिए भी डराने वाली है। क्योंकि आईपीएल ऑक्शन में वेंकटेश को कोलकाता फ्रेंचाइजी ने 23.75 करोड़ में खरीदा था। पैर में चोट लगने और दर्द से तपड़ने के बावजूद अपनी टीम को मुश्किल में घिरा देख वेंकटेश दोबारा मैदान में लौटे। बाएं हाथ के बल्लेबाज मध्य प्रदेश की पारी में गिरने वाले 9वें विकेट थे, वह भी 160 पर।

वेंकटेश ने 80 गेंद का सामना किया और 42 रन की पारी खेली। वेंकटेश की इस जुझारू पारी के दम पर मध्य प्रदेश ने 160 रन का सम्मानजनक स्कोर बनाया। वेंकटेश के इस जज्बे को सोशल मीडिया पर हर कोई सलाम कर रहा है। अय्यर ने आईपीएल 2024 में अच्छा प्रदर्शन किया था। उन्होंने 46 की औसत और 159 के स्ट्राइक रेट  से 370 रन बनाए थे। 

केकेआर अपने 2024 आईपीएल विजेता कप्तान श्रेयस अय्यर को वापस खरीदने में नाकाम रहा था। यह व्यापक रूप से अनुमान लगाया जा रहा है कि वेंकटेश अय्यर नेतृत्व की भूमिका के लिए दौड़ में हो सकते हैं। हालाँकि, इस पर फ्रेंचाइज़ी की ओर से कोई घोषणा नहीं की गई।

Similar News