rcb vs csk: आरसीबी के शेर बने शेफर्ड, 14 गेंद में ठोकी IPL 2025 की सबसे तेज फिफ्टी; खलील के ओवर में 33 रन बटोरे

Romario shepherd 14 ball fifty: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के रोमारियो शेफर्ड ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच में 14 गेंद में आईपीएल इतिहास की दूसरी सबसे तेज फिफ्टी जड़ी।

By :  Desk
Updated On 2025-05-03 22:06:00 IST
romario shepherd fifty

Romario shepherd 14 ball fifty: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के ऑलराउंडर रोमारियो शेफर्ड ने शनिवार रात चिन्नास्वामी स्टेडियम में अपने बल्ले से ऐसा कहर बरपाया कि चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की गेंदबाज़ी धराशायी हो गई। शेफर्ड ने महज़ 14 गेंदों में 53 रन की नाबाद पारी खेली और आरसीबी का स्कोर 213/5 तक पहुंचा दिया।

18वें ओवर में जब शेफर्ड क्रीज़ पर आए, तब आरसीबी का स्कोर 5 विकेट पर 157 रन था। वहां से उन्होंने जो किया, वो आईपीएल इतिहास के सबसे धमाकेदार फिनिश में से एक बन गया। खासतौर पर 19वें ओवर में खलील अहमद को 33 रन ठोक दिए- जो इस सीजन का सबसे महंगा ओवर बन गया है और आईपीएल इतिहास का तीसरा सबसे खर्चीला ओवर भी।

14 गेंद में IPL का दूसरा सबसे तेज अर्धशतक
शेफर्ड ने अपनी तूफानी पारी में चार छक्के और तीन चौके लगाए और सिर्फ 14 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लिया। ये आईपीएल इतिहास में दूसरी सबसे तेज फिफ्टी है। उनसे पहले केवल यशस्वी जायसवाल (13 गेंद में) ने तेज़ फिफ्टी बनाई थी। शेफर्ड ने केएल राहुल (2018) और पैट कमिंस (2022) के रिकॉर्ड की बराबरी की।

IPL के सबसे तेज अर्धशतक (गेंदों के अनुसार):
13 गेंद – यशस्वी जायसवाल (RR) बनाम KKR, 2023

14 गेंद – केएल राहुल (PBKS) बनाम DC, 2018

14 गेंद – पैट कमिंस (KKR) बनाम MI, 2022

14 गेंद – रोमारियो शेफर्ड (RCB) बनाम CSK, 2025

विराट-बेथेल की ठोस शुरुआत
इससे पहले जैकब बीथेल ने 55 रन और विराट कोहली ने 66 रन की शानदार पारियां खेलकर अच्छी नींव रखी थी। लेकिन बीच के ओवरों में नूर अहमद और पथिराना ने सीएसके की वापसी करवा दी थी। विकेट धीमा होता जा रहा था और रन बनाना मुश्किल लग रहा था। तभी शेफर्ड ने मैच की दिशा ही बदल दी।

अब चेन्नई के सामने जीत के लिए एक बड़ा स्कोर है और दबाव भी जबरदस्त है। शेफर्ड की यह पारी IPL के इतिहास में लंबे समय तक याद की जाएगी।

(प्रियंका)

Similar News