Rishabh pant: ऋषभ पंत का तूफान, 7 चौके...2 छक्के उड़ा न्यूजीलैंड के खिलाफ ठोकी सबसे तेज फिफ्टी

Rishabh pant Fifty: ऋषभ पंत ने मुंबई टेस्ट के दूसरे दिन महज 36 गेंद में अर्धशतक ठोक दिया। उन्होंने इस दौरान 7 चौके और 2 छक्के मारे। वो न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे तेज फिफ्टी जड़ने वाले भारतीय बने।

Updated On 2024-11-02 11:21:00 IST
Rishabh pant fastest test fifty

Rishabh pant Fifty: ऋषभ पंत एक बार फिर टीम इंडिया के लिए संकटमोचक साबित हुए। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ मुंबई टेस्ट के दूसरे दिन भारतीय टीम को मुश्किल से उबारने का काम किया। इस दौरान पंत न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे तेज फिफ्टी जड़ने वाले भारतीय बने। पंत ने दूसरे दिन 36 गेंद में अपने 50 रन पूरे किए। इस दौरान उन्होंने 7 चौके और 2 छक्के उड़ाए। 

ये ऋषभ पंत की टेस्ट क्रिकेट की 13वीं फिफ्टी है। पंत ने शुभमन गिल के साथ मिलकर दूसरे दिन कल के 86 रन पर 4 विकेट के नुकसान से आगे खेलते हुए तेज शुरुआत की। उन्होंने पहले ही ओवर में तीन चौके जड़े। पंत ने यशस्वी जायसवाल का रिकॉर्ड तोड़ा। यशस्वी ने इस सीरीज के दूसरे टेस्ट में पुणे में 41 गेंदों में अर्धशतक बनाया था।

ऋषभ पंत के नाम भारत की तरफ से टेस्ट में सबसे तेज अर्धशतक का भी रिकॉर्ड है।  2022 में उन्होंने बेंगलुरु में श्रीलंका के खिलाफ 28 गेंदों में फिफ्टी ठोकी थी। टेस्ट में सबसे तेज फिफ्टी का रिकॉर्ड पाकिस्तान के पूर्व बैटर मिस्बाह उल हक के नाम है। उन्होंने 2014 में अबू धाबी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 21 गेंदों में अर्धशतक जमाया था।

इसके बाद भी पंत नहीं रुके और न्यूजीलैंड के स्पिनर ईश सोढ़ी और एजाज पटेल के खिलाफ आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी जारी रखी। इस दौरान उन्होंने अपने 50 रन पूरे किए। उनसे पहले शुभमन गिल ने भी सातवीं टेस्ट फिफ्टी पूरी की। अब तक दोनों के बीच 80 प्लस रन की साझेदारी हो चुकी है। इससे पहले, पंत ने बेंगलुरु में खेले गए पहले टेस्ट में भी अच्छी बल्लेबाजी की थी। वो महज 1 रन से अपना शतक चूक गए थे। तब पंत ने 105 गेंद में 99 रन कूटे थे और पहली पारी में 46 रन पर सिमटने के बाद दूसरी पारी में भारत को 462 रन के स्कोर तक पहुंचाया था। इस दौरान उन्होंने सरफराज खान (150) के साथ 177 रन जोड़े थे।

Similar News