mi vs csk 2025: आईपीएल में आज 'एल क्लासिको', मुंबई इंडियंस की नजर जीत की हैट्रिक पर; क्या चेन्नई करेगी पलटवार?

mi vs csk 2025: आईपीएल 2025 में रविवार को दूसरा मुकाबला मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच होगा। ये दोनों लीग के इतिहास में सबसे अधिक खिताब जीतने वाली टीमें हैं और इनके बीच की कड़ी टक्कर के कारण इस मुकाबले को एल क्लासिको का नाम दिया गया है।

Updated On 2025-04-20 12:37:00 IST
mi vs csk 2025 preview

mi vs csk 2025: आईपीएल 2025 में रविवार शाम को वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच लीग का 'एल क्लासिको' (सबसे बड़ा मुकाबला) खेला जाएगा। ये दोनों लीग के इतिहास में सबसे अधिक खिताब जीतने वाली टीमें हैं। इन दोनों के बीच हमेशा कड़ी टक्कर देखने को मिलती है, इसी प्रतिद्वंदिता को 'IPL क्‍लासिको' नाम दिया गया है। एक समय ऐसा लग रहा था कि लगातार हार के चलते ये मुकाबला ‘L क्लासिको’ बन जाएगा लेकिन CSK ने पिछला मैच जीतकर वापसी की है जबकि MI भी लय में लौट चुकी है।

मुंबई इंडियंस ने शुरुआती दो हार के बाद शानदार कमबैक किया है। हार्दिक पंड्या की कप्तानी में टीम ने घर और बाहर दोनों जगह मैच जीते हैं। मिडिल ऑर्डर शानदार फॉर्म में है, जसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बोल्ट की अगुआई में बॉलिंग यूनिट भी दमदार दिख रही है।

MI लगातार दो मैच जीत चुकी है और उसकी नजर जीत की हैट्रिक पर होगी। हालांकि रोहित शर्मा की फार्म चिंता बढ़ाने वाली। इस सीजन उनका औसत सिर्फ 13 का रहा है और उन्होंने अब तक 57 गेंद ही खेली हैं। उनकी लय से MI की टॉप ऑर्डर को बड़ा फर्क पड़ सकता है।

CSK की उम्मीदें शिवम दुबे और युवाओं से
CSK ने भी लखनऊ सुपर जायंट्स को हराकर राहत की सांस ली है। लेकिन टीम अब भी बल्लेबाजी में अपनी बेस्ट कॉम्बिनेशन तलाश रही। कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा है कि टीम यंग प्लेयर्स को मौका देने पर जोर दे रही। शिवम दुबे, जो इस बार धीमे स्ट्राइक रेट से खेल रहे हैं (128.57), वानखेड़े के घरेलू माहौल में खुद को फिर से साबित करना चाहेंगे। याद रहे, उन्होंने इसी मैदान पर एक रणजी मैच में एक ओवर में 5 छक्के लगाए थे।

डेवाल्ड ब्रेविस की एंट्री से होगा CSK का फायदा?
CSK कैंप में नया चेहरा जुड़ा है –डेवाल्ड ब्रेविस, जिन्हें टीम ने हाल ही में साइन किया है। वो मैच के लिए उपलब्ध होंगे, हालांकि उन्होंने अभी ज्यादा ट्रेनिंग नहीं की है। साथ ही युवा ऑलराउंडर रामकृष्ण घोष और पेसर कमलेश नागरकोटी को भी मौका मिल सकता है।

पिच और टॉस फैक्टर कितना अहम होगा
वानखेड़े पर मौसम गर्म और उमस भरा है, जिससे ड्यू फैक्टर अहम रहेगा। टॉस जीतने वाली टीम संभवतः चेज़ करेगी। मुंबई चाहेगी कि स्पिन फ्रेंडली पिच ना हो क्योंकि CSK के पास जडेजा, नूर अहमद और रचिन रवींद्र जैसे कलाई के स्पिनर मौजूद हैं।

हेड टू हेड रिकॉर्ड (CSK vs MI Head to Head record)
MI और CSK के बीच अब तक 38 मुकाबले हुए हैं, जिनमें MI ने 20 बार बाजी मारी है। लेकिन CSK इस समय चार मैचों की विनिंग स्ट्रीक पर है। आज की भिड़ंत में दोनों टीमें कुछ खोने से ज़्यादा पाने की स्थिति में हैं। देखना होगा कि किसका अनुभव और किसकी रणनीति आज बाज़ी मारती है।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11 (CSK vs MI Playing XI)

मुंबई इंडियंस: 1 रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), 2 रोहित शर्मा, 3 विल जैक्स, 4 सूर्यकुमार यादव, 5 तिलक वर्मा, 6 हार्दिक पंड्या (कप्तान), 7 मिचेल सेंटनर, 8 दीपक चाहर, 9 ट्रेंट बोल्ट, 10 जसप्रीत बुमराह, 11 विग्नेश पुथुर/अश्वनी कुमार।

चेन्नई सुपर किंग्स: 1 रचिन रवींद्र, 2 शेख रशीद, 3 राहुल त्रिपाठी, 4 रवींद्र जड़ेजा, 5 शिवम दुबे, 6 एमएस धोनी (कप्तान, विकेटकीपर), 7 जेमी ओवरटन, 8 अंशुल कंबोज, 9 नूर अहमद, 10 खलील अहमद, 11 मथीशा पथिराना।

Similar News