MI vs LSG: 'लखनऊ एक्सप्रेस' 196 दिन बाद दौड़ी, आईपीएल 2025 के पहले मैच में धमाल; दो धाकड़ों का किया शिकार

MI vs LSG: लखनऊ सुपर जायंट्स के तेज गेंदबाज मयंक यादव ने 196 दिन बाद क्रिकेट में शानदार वापसी की। उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में शानदार गेंदबाजी की और रोहित शर्मा के अलावा हार्दिक पंड्या का भी विकेट हासिल किया।

By :  Desk
Updated On 2025-04-27 17:58:00 IST
mayank yadav ipl 2025

MI vs LSG: तेज रफ्तार गेंदबाज मयंक यादव ने 27 अप्रैल (रविवार) को आखिरकार लंबी चोट के बाद क्रिकेट में जोरदार वापसी की। मयंक को आईपीएल 2025 के मैच नंबर 45 में लखनऊ सुपरजायंट्स (LSG) ने मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ मैच में अपनी प्लेइंग इलेवन में शामिल किया।

22 साल के मयंक यादव ने अपनी रफ्तार से पहले ही सबको प्रभावित किया था। आईपीएल 2024 के शुरुआती मुकाबलों में वह लगातार 150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी कर रहे थे। लेकिन पिछले छह महीने से वह मैदान से दूर थे। मयंक ने पिछली बार 12 अक्टूबर 2024 को बांग्लादेश के खिलाफ टी20 मुकाबला खेला था, जिसके बाद वह लंबर स्ट्रेस इंजरी के चलते बाहर हो गए थे।

आईपीएल 2024 में भी वह सिर्फ चार मैच ही खेल पाए थे, जिसमें उन्होंने 7 विकेट चटकाए थे। चोट के चलते उन्हें टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा था। इसके बावजूद लखनऊ सुपरजायंट्स ने उन पर भरोसा जताते हुए आईपीएल 2025 ऑक्शन से पहले उन्हें 11 करोड़ रुपये में रिटेन किया था।

अब जब मयंक फिट होकर लौटे हैं, तो उन्होंने वापसी के साथ ही अपने प्रदर्शन से सबका दिल जीत लिया। मयंक ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ चार ओवर में 40 रन देकर दो बड़े विकेट- रोहित शर्मा और हार्दिक पंड्या- निकाले। ये दोनों विकेट बेहद अहम रहे और उनकी टीम को मजबूत स्थिति में लाने में मदद मिली।

इस मुकाबले में लखनऊ सुपरजायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। मयंक को शार्दुल ठाकुर की जगह टीम में शामिल किया गया। वहीं मुंबई इंडियंस ने भी दो बदलाव किए थे। मिचेल सैंटनर की जगह कर्ण शर्मा और विग्नेश पुथुर की जगह डेब्यूटेंट कॉर्बिन बॉश को टीम में मौका मिला।

मयंक की वापसी न सिर्फ लखनऊ के लिए राहत की खबर है, बल्कि भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए भी खुशी का मौका है। अब सबकी नजरें उनके आगामी मैचों में प्रदर्शन पर टिकी होंगी। अगर वह इसी तरह अपनी रफ्तार और फॉर्म बरकरार रखते हैं, तो लखनऊ सुपर जायंट्स की टाइटल दौड़ और भी मजबूत हो सकती है।

(प्रियंका)

Similar News