IND vs NZ Mumbai Pitch Report: वानखेड़े स्टेडियम की पिच से बरसेंगे रन या गेंदबाज बरपाएंगे कहर? टीम इंडिया ने लिया बड़ा फैसला

IND vs NZ Mumbai Pitch Report: भारत और न्यूजीलैंड के बीच 3 मैच की सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला 1 नवंबर से मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। मुंबई में पिच का मिजाज कैसा होगा? क्या रन बरसेंगे या गेंदबाज बरपाएंगे कहर। जानिए

Updated On 2024-10-29 12:05:00 IST
ind vs nz 3rd mumbai test pitch report

IND vs NZ Mumbai Pitch Report: भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीसरा और आखिरी टेस्ट 1 नवंबर से मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। भारत पहले ही शुरुआती 2 टेस्ट हारकर सीरीज गंवा चुका है। अब रोहित शर्मा की अगुआई वाली टीम इंडिया के लिए तीसरा मुकाबला विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल की रेस में बने रहने के लिए जरूरी है। भारत इस टेस्ट में जीतकर वापसी करना चाहेगा। ऐसे में फैंस के मन में यही सवाल होगा कि वानखेड़े स्टेडियम का विकेट कैसा होगा? क्या पिच से रन बरसेंगे या गेंदबाज कहर बरपाएंगे। 

भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए पहले 2 टेस्ट की अगर बात करें तो स्पिन गेंदबाजों का बोलबाला रहा। पुणे टेस्ट में तो अकेले मिचेल सैंटनर ने 13 विकेट झटके थे और 12 साल बाद भारत घर में सीरीज हारा था। पहले दिन से ही पुणे में गेंद घूमने लगी थी। हालांकि, वानखेड़े स्टेडियम की विकेट ऐसी नहीं रहेगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत ने स्पोर्टिंग विकेट तैयार करने का फैसला लिया है। यानी मुंबई में शुरुआती दो दिन बल्लेबाजों को रन बनाने का मौका मिल सकता है और इसके बाद गेंद टर्न हो सकती है। 

जानकारी के मुताबिक, वानखेड़े स्टेडियम की पिच पर ग्रास भी छोड़ी जाएगी। ऐसे में तेज गेंदबाजों को भी विकेट से उछाल मिल सकता है और गेंद दूसरे दिन के बाद ही घूमेगी। रिपोर्ट के मुताबिक,"मुंबई में खेल के अनुकूल ट्रैक होगा। अभी पिच पर थोड़ी घास है। पहले दिन यह बल्लेबाजी के लिए अच्छी रहने की उम्मीद है, लेकिन दूसरे दिन से स्पिनरों को भी मदद मिलनी शुरू हो जाएगी।"

भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टेस्ट बेंगलुरु में खेला गया था, जहां विकेट गेंदबाजों और बल्लेबाजों दोनों के लिए ही अच्छा था। बेंगलुरु में न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाजों ने पहली पारी में भारत पर कहर बरपाया था और इसके बाद टीम इंडिया मैच में वापसी नहीं कर पाई थी। पुणे में गेंद पहले दिन से ही स्पिन हो रही थी और न्यूजीलैंड ने भारत को हरा दिया था। अब ये देखना दिलचस्प होगा कि न्यूजीलैंड मुंबई में टीम इंडिया के प्लान में सेंध लगा पाती है या नहीं। 

जब भारत ने आखिरी बार न्यूजीलैंड के खिलाफ वानखेड़े में टेस्ट मैच खेला था, तब क्या हुआ था? भारत और न्यूजीलैंड के बीच 2021 में मुंबई में टेस्ट खेला गया था। इस मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 372 रन के बड़े अंतर से हराया था। भारत ने पहली पारी में न्यूजीलैंड को 62 और दूसरी पारी में 167 रन पर ढेर किया था। आर अश्विन ने दोनों पारियों में मिलाकर 8 शिकार किए थे। 

Similar News