gt vs dc 2025: गुजरात टाइटंस की घर में दिल्ली कैपिटल्स से टक्कर, जीते तो बनेंगे नंबर-1

gt vs dc 2025: आईपीएल 2025 में शनिवार को डबल हेडर खेला जाएगा। दिन के पहले मैच में गुजरात टाइटंस की घर में दिल्ली कैपिटल्स से टक्कर होगी। अगर गुजरात की टीम मुकाबला जीती तो फिर पॉइंट्स टेबल में नंबर-1 बन जाएगी।

Updated On 2025-04-19 11:16:00 IST
dc vs gt 2025 preview: आईपीएल 2025 में आज गुजरात टाइटंस की टक्कर दिल्ली कैपिटल्स से है।

gt vs dc 2025: आईपीएल 2025 में शनिवार को डबल हेडर में दिन के पहले मुकाबले में अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस की दिल्ली कैपिटल्स से टक्कर होगी। दिल्ली फिलहाल 6 मैच में से 5 में जीत हासिल कर पॉइंट्स टेबल में टॉप पर है। दिल्ली की इकलौती टीम है, जिसके 10 अंक हैं। अगर गुजरात की टीम शनिवार को दिल्ली को हराने में कामयाब होती है तो उसके भी 10 अंक हो जाएंगे और बेहतर रनरेट के दम पर गुजरात पहले स्थान पर पहुंच जाएगा। ऐसे में गुजरात की नजर जीत पर होगी। 

गुजरात टाइटंस (GT) एक बार फिर आलोचकों को गलत साबित कर रही। 2022 में डेब्यू करते वक्त जिन खिलाड़ियों को लेकर सवाल उठ रहे थे, उनके दम पर ही टीम डेब्यू सीजन में ही चैंपियन बनी थी। 2024 भले ही GT के लिए खराब रहा हो, लेकिन 2025 में फिर वही कहानी दोहराई जा रही। शनिवार को GT का सामना दिल्ली कैपिटल्स (DC) से है—एक ऐसी टीम जिसने अहमदाबाद में गुजरात को दो बार हराने का कारनामा किया है।

मजबूत टॉप ऑर्डर गुजरात की ताकत 
GT की बल्लेबाज़ी में शुभमन गिल, बी साई सुधर्शन और जोस बटलर ने शुरुआत में ही टीम को मज़बूती दी है, जिससे मिडिल ऑर्डर पर दबाव नहीं आता। तीनों बल्लेबाज़ इस सीजन तेज़ स्ट्राइक रेट से खेल रहे। वहीं पेस अटैक की कमान मोहम्मद सिराज पावरप्ले में और प्रसिद्ध कृष्णा मिडिल ओवर में संभाल रहे। राशिद खान फॉर्म में नहीं हैं, लेकिन साई किशोर उनकी कमी पूरी कर रहे।

दिल्ली की टीम सबसे संतुलित
दिल्ली कैपिटल्स इस समय पॉइंट्स टेबल में टॉप पर है। टीम के पास मिचेल स्टार्क, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव जैसे विकेट टेकिंग बॉलर हैं और बैटर ट्रिस्टन स्टब्स डेथ ओवर में कहर बनकर टूट रहे हैं- 211.53 की स्ट्राइक रेट और लीग में सबसे कम डॉट बॉल% (17.20)। अगर फाफ डुप्लेसी फिट होते हैं, तो जेक फ्रेजर-मकगर्क की जगह ले सकते हैं, जिनका फॉर्म बेहद खराब रहा है।

पुरानी टीम के खिलाफ उतरेंगे मोहित शर्मा
GT के लिए 2023 में डेथ ओवर स्पेशलिस्ट बनने वाले मोहित शर्मा अब DC के साथ हैं। IPL 2023 में वह टूर्नामेंट के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज़ थे, और अब वो GT के खिलाफ ही खेलेंगे।

कैसा होगा पिच का मिजाज?
अहमदाबाद की रेड सॉयल पिच तेज़ बॉलरों को मदद देती है, जबकि ब्लैक सॉयल पिच स्पिनर्स को फायदा पहुंचाती है। GT पिच तैयार करने में थोड़ी भूमिका निभा सकती है, जिससे रणनीति पहले से तय की जा सके। दिन का मैच है, और गर्मी अपने चरम पर होगी—तापमान करीब 38°C रहने की संभावना है।

संभावित प्लेइंग इलेवन
गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), शरफेन रदरफोर्ड, शाहरुख खान, वॉशिंगटन सुंदर, राहुल तेवतिया, राशिद खान, साई किशोर, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा। 

दिल्ली कैपिटल्स: फाफ डु प्लेसिस/जेक फ्रेजर-मकगर्क, अभिषेक पोरेल, करुण नायर, केएल राहुल (विकेटकीपर), ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल (कप्तान), आशुतोष शर्मा, विप्राज निगम, मिचेल स्टार्क, कुलदीप यादव, मोहित शर्मा। 

Similar News