ms dhoni birthday: जन्मदिन पर भी दिखी धोनी की सादगी, दोस्तों से पूछा- काट दें क्या, वायरल वीडियो जीत लेगा दिल

ms dhoni birthday:44 साल के हुए एमएस धोनी। रांची में दोस्तों संग सादगी से मनाया जन्मदिन। उनका एक वीडियो वायरल हो रहा, जिसमें वो दोस्तों से बड़े प्यार से पूछ रहे हैं क्या केक काट दें।

Updated On 2025-07-07 17:29:00 IST

ms dhoni birthday: टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने सोमवार को अपना 44वां जन्मदिन रांची में अपने दोस्तों के साथ सादगी और मुस्कान के साथ मनाया। इस मौके पर एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें धोनी केक काटने से पहले बेहद विनम्रता से पूछते हैं कि काट दें?

धोनी के इस छोटे से सवाल ने एक बार फिर साबित कर दिया कि क्यों उन्हें सिर्फ एक महान खिलाड़ी नहीं, बल्कि एक विनम्र इंसान भी कहा जाता। वीडियो में वो सभी को केक खिलाते हुए भी नजर आते हैं और जो लोग उन्हें केक खिलाने आते हैं, उनसे प्यार से बाइट लेते हैं।

धोनी का क्रिकेट सफर

धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अगस्त 2020 में अलविदा कह दिया था लेकिन वो अभी भी IPL में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते हैं। 2004 में डेब्यू करने वाले धोनी ने अपने पूरे करियर में देश को गर्व महसूस कराया है। धोनी के नाम 17266 अंतरराष्ट्रीय रन, 829 शिकार (विकेटकीपिंग) और 538 मैच हैं। वो सिर्फ एक शानदार बल्लेबाज नहीं, बल्कि एक क्रांतिकारी विकेटकीपर-बल्लेबाज भी हैं।

ODI में उनका जलवा सबसे ज़्यादा रहा। उन्होंने 350 वनडे में 10773 रन बनाए, औसत 50.57 का रहा, जिसमें 10 शतक और 73 अर्धशतक शामिल हैं। उनका बेस्ट स्कोर 183* रहा है। वो भारत के लिए ODI में छठे सबसे बड़े रन स्कोरर हैं।

कप्तानी में भी बेजोड़

धोनी ने भारत को 2011 वर्ल्ड कप, 2007 टी20 वर्ल्ड कप और 2013 चैंपियंस ट्रॉफी जिताई है। उन्होंने 200 वनडे में कप्तानी की, जिसमें 110 मैच जीते और 74 हारे। टेस्ट में भी उन्होंने 60 मैचों में कप्तानी की, 27 में जीत और 18 में हार मिली। उनकी कप्तानी में भारत ने पहली बार ICC टेस्ट रैंकिंग में नंबर 1 स्थान हासिल किया और ऑस्ट्रेलिया को दो बार बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में क्लीन स्वीप भी दिया।

धोनी आज भी फैंस के दिल में बसे हैं

धोनी का क्रिकेट से जुड़ाव अब सिर्फ IPL तक सीमित है, लेकिन उनकी लोकप्रियता आज भी कम नहीं हुई है। रांची से निकले इस खिलाड़ी ने ना सिर्फ भारत को जीत दिलाई, बल्कि खेल की मर्यादा और सादगी का भी नया मानक सेट किया।

धोनी का जन्मदिन सिर्फ उनके लिए नहीं, करोड़ों फैंस के लिए भी जश्न का दिन है। और यही वजह है कि आज भी जब वो कहते हैं कि काट दें? तो पूरा देश मुस्कुरा उठता है।

Tags:    

Similar News