ms dhoni: 'उन्होंने फोन भी उठाया होगा...' धोनी को मेंटॉर बनाने की खबरों पर मनोज तिवारी ने चुटकी ली
ms dhoni mentor role: ऐसी खबरें आ रही हैं कि हाल ही में बीसीसीआई ने एमएस धोनी को सभी भारतीय टीमों का मेंटर बनने का ऑफर दिया है। जब मनोज तिवारी से ये सवाल पूछा गया तो उन्होंने मजाक में पूछा कि क्या धोनी ने इस ऑफर को सुनने के लिए फोन भी उठाया होगा।
एमएस धोनी को टीम इंडिया का मेंटॉर बनाए जाने से जुड़े सवाल पर मनोज तिवारी का तंज।
ms dhoni mentor role: टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी एक बार फिर चर्चा में हैं। खबर है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने धोनी को नेशनल टीमों के लिए मेंटर की भूमिका ऑफर की है। खास बात यह है कि इस बार जिम्मेदारी सिर्फ सीनियर टीम तक सीमित नहीं होगी, बल्कि जूनियर और महिला टीमों को भी इसमें शामिल किया गया है। हालांकि अभी तक न तो धोनी की तरफ से और न ही बीसीसीआई की तरफ से इस पर कोई ऑफिशियल बयान आया है।
इसी बीच पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनोज तिवारी से जब ये सवाल पूछा गया तो उन्होंने एक दिलचस्प सवाल उठा दिया। उन्होंने कहा कि इस ऑफर के लिए क्या धोनी ने फोन उठाया होगा?
धोनी फोन नहीं उठाने के लिए मशहूर
दरअसल, धोनी अपने क्रिकेट के शुरुआती दिनों से ही फोन न उठाने और मैसेज का जवाब न देने की आदत के लिए मशहूर रहे हैं। कई खिलाड़ी पहले भी बता चुके हैं कि धोनी से फोन पर संपर्क करना बहुत मुश्किल काम है। इसी पर मनोज तिवारी ने हंसते हुए कहा, 'जहां तक मुझे पता है, धोनी को फोन पर पकड़ना मुश्किल है। मैसेज का रिप्लाई भी बहुत कम मिलता है। अब देखना है वो इस बार क्या जवाब देंगे।' लेकिन अगर धोनी इस भूमिका को स्वीकार करते हैं, तो टीम इंडिया को इसका बड़ा फायदा होगा।
धोनी को अनुभव युवाओं के लिए अनमोल: मनोज
तिवारी ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा कि धोनी का अनुभव और कप्तानी का नजरिया नए खिलाड़ियों के लिए अनमोल साबित हो सकता है। उन्होंने कहा, 'धोनी को भारतीय क्रिकेट के युवा खिलाड़ी बहुत सम्मान देते हैं। अगर वह कुछ कहेंगे तो हर खिलाड़ी ध्यान से सुनेगा।' मगर यहां एक पेचीदा पहलू भी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, धोनी इस भूमिका को लेने में हिचकिचा सकते हैं क्योंकि फिलहाल गौतम गंभीर भारतीय टीम के हेड कोच हैं। दोनों पूर्व खिलाड़ियों की जिम्मेदारियों में टकराव की संभावना को धोनी शायद टालना चाहें।
मनोज तिवारी ने गंभीर-धोनी की जोड़ी को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, 'अगर धोनी और गंभीर साथ आएंगे तो यह देखने लायक होगा। दोनों की जोड़ी शानदार साबित हो सकती है। अब बस इंतजार है, समय ही बताएगा।'
धोनी की मौजूदगी भारतीय क्रिकेट के लिए हमेशा खास रही है। अब सबकी नजर इस पर टिकी है कि क्या धोनी फोन उठाकर हां करेंगे या फिर उनकी खामोशी एक बार फिर चर्चा का हिस्सा बनेगी।