Duleep Trophy 2025: 21 साल के स्पिनर ने रचा इतिहास, 'सिक्सर' लगा वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी की

Duleep Trophy 2025: झारखंड के 21 साल के स्पिन गेंदबाज मनीषी ने दलीप ट्रॉफी 2025 में इतिहास रचा है। एक पारी में छह बल्लेबाजों को एलबीडब्ल्यू आउट करने वाले पहले भारतीय बने।

Updated On 2025-08-30 18:48:00 IST

21 साल के स्पिनर मनीषी ने दलीप ट्रॉफी में इतिहास रचा है। 

Duleep Trophy 2025: झारखंड के 21 साल के स्पिनर मनीषी ने बेंगलुरु में खेले जा रहे दलीप ट्रॉफी 2025 में इतिहास रच दिया। मनीषी ने वो काम किया, जो अबतक फर्स्ट क्लास क्रिकेट में किसी भारतीय गेंदबाज नहीं किया है। नॉर्थ जोन और ईस्ट जोन के बीच क्वार्टर फाइनल में मनीषी ने पहली पारी में 6 विकेट झटके और सभी बल्लेबाजों को एलबीडब्ल्यू आउट किया। इसी के साथ उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में एक अनोखे वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।

दलीप ट्रॉफी के इस मुकाबले में ईस्ट जोन के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी थी। नॉर्थ जोन के ओपनर अंकित कुमार को मनीषी ने अपनी पहली ही गेंद पर आउट किया और इसके बाद लगातार विपक्षी बल्लेबाजों को विकेट के आगे फंसाते रहे। शुब्हम खजुरिया, यश धुल, कन्हैया वाधवान, आकिब नबी और हर्षित राणा को एलबीडब्ल्यू पवेलियन भेजकर उन्होंने इतिहास रच दिया।

मनीषी ने दलीप ट्रॉफी में रचा इतिहास

इससे पहले फर्स्ट क्लास क्रिकेट में सिर्फ पांच गेंदबाज ही एक पारी में 6 बल्लेबाजों को एलबीडब्ल्यू आउट कर पाए थे। इंग्लैंड के मार्क इलॉट ने 1995 में यह कारनामा किया था। श्रीलंका के चामिंडा वास (2004-05), पाकिस्तान के ताबिश खान (2011-12), इंग्लैंड के ओली रॉबिन्सन (2021) और क्रिस राइट (2021) इस लिस्ट में शामिल हैं। अब मनीषी भी इस एलीट लिस्ट में जगह बना चुके।

एक पारी में 6 बल्लेबाजों को LBW किया

बड़ी बात यह है कि मनीषी इस कारनामे को करने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बने हैं। प्रवीण कुमार, हर्ष दुबे, कर्ण शर्मा और सौरभ कुमार जैसे कई भारतीय गेंदबाज करीब आए थे, लेकिन कोई भी एक पारी में 6 बल्लेबाजों को एलबीडब्ल्यू आउट नहीं कर पाया।

नॉर्थ जोन ने बनाए 410 रन

मनीषी के शानदार प्रदर्शन के बावजूद नॉर्थ जोन ने पहली पारी में 410 रन बनाए। उनका यह ऐतिहासिक प्रदर्शन फैंस के लिए लंबे समय तक यादगार रहेगा और यह झारखंड के युवा क्रिकेटर के करियर का बड़ा पड़ाव माना जा रहा।

Tags:    

Similar News