Google Doodle Today: महिला विश्व कप पर बड़ा खास "गूगल डूडल", क्रिकेट फैंस का बन गया दिन

Google Doodle Today: गूगल ने डूडल बनाकर महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 के आगाज का जश्न मनाया। पहले मैच में भारत की टक्कर श्रीलंका से है। इस बार टूर्नामेंट में 8 टीमें हिस्सा ले रहीं और 31 मुकाबले खेले जाएंगे।

Updated On 2025-09-30 12:42:00 IST

गूगल ने महिला विश्व कप 2025 पर खास डूडल तैयार किया। 

Google Doodle Today: महिला क्रिकेट के सबसे बड़े महाकुंभ आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 का आगाज आज से हो रहा। इस मौके को खास बनाने के लिए गूगल ने मंगलवार को एक रंग-बिरंगा डूडल जारी किया, जिसमें गूगल के अक्षरों को क्रिकेट थीम से सजाया गया। अक्षर 'O' को गेंद और 'Lट को विकेट के रूप में दिखाया गया।

महिला क्रिकेट विश्व कप 1973 में पहली बार आयोजित हुआ था, यानी पुरुषों के विश्व कप से दो साल पहले। अब इसका 13वां संस्करण खेला जा रहा। इस बार कुल 8 टीमें खिताब की दौड़ में उतरेंगी। इसमें भारत, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, पाकिस्तान, श्रीलंका, न्यूजीलैंड, साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज शामिल हैं।

भारत की पहले मैच में श्रीलंका से टक्कर

गुवाहाटी में मंगलवार को खेले जा रहे उद्घाटन मैच में सह-मेजबान भारत और श्रीलंका आमने-सामने हैं। भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर और उपकप्तान स्मृति मंधाना टीम की कमान संभाल रही हैं। वहीं, श्रीलंका भी धमाकेदार शुरुआत करना चाहेगा।

भारत-पाकिस्तान की टक्कर कोलंबो में

टूर्नामेंट के सबसे हाई-वोल्टेज मुकाबलों में से एक 5 अक्टूबर को होगा, जब भारत और पाकिस्तान कोलंबो में भिड़ेंगे। राजनीतिक तनाव को देखते हुए यह मैच आईसीसी की गाइडलाइंस के तहत न्यूट्रल वेन्यू पर कराया जा रहा।

ऑस्ट्रेलिया, जिसने अब तक रिकॉर्ड 7 बार खिताब जीता है, इस बार भी सबसे मजबूत दावेदार मानी जा रही है। इंग्लैंड भी खिताब की प्रबल दावेदार टीम है। इंग्लैंड की कमान नेट स्किवर-ब्रंट संभाल रही हैं और कोच शार्लोट एडवर्ड्स टीम को नई ऊंचाई पर ले जाने का सपना देख रही ।न्यूजीलैंड, वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका भी चौंकाने का दमखम रखते हैं।

वर्ल्ड कप में 31 मुकाबले खेले जाएंगे

कुल 31 मुकाबलों वाले इस टूर्नामेंट के लिए पांच वेन्यू तय किए गए हैं। भारत में गुवाहाटी, इंदौर, विशाखापट्टनम और नवी मुंबई, जबकि श्रीलंका कोलंबो में मैचों की मेजबानी करेगा। नॉकआउट मुकाबले और फाइनल भारत में होंगे। फाइनल 2 नवंबर को खेला जाएगा।

भारत की नजर इस बार खिताब जीतकर इतिहास रचने पर है। साल 2017 में टीम इंडिया फाइनल तक पहुंची थी लेकिन इंग्लैंड से हार गई थी। अब हरमनप्रीत की कप्तानी और मंधाना की बल्लेबाजी से उम्मीदें पहले से कहीं ज्यादा हैं।

गूगल का पहला डूडल: छुट्टियों से शुरू हुई परंपरा


क्या आप जानते हैं कि इस परंपरा की शुरुआत कैसे हुई थी?

हम आपकी जानकारी के लिए बता दें कि पहला डूडल 30 अगस्त 1998 को सामने आया था। गूगल के सह-संस्थापक लैरी पेज और सर्गेई ब्रिन उस समय अमेरिका के नेवाडा रेगिस्तान में आयोजित मशहूर बर्निंग मैन फेस्टिवल में छुट्टियां बिताने जा रहे थे।

उन्होंने सोचा कि अगर इस दौरान गूगल सर्च इंजन में कोई समस्या आए तो यूज़र्स को पता होना चाहिए कि वे ऑफिस में मौजूद नहीं हैं। इसी विचार से उन्होंने गूगल के लोगो में दूसरे “O” की जगह बर्निंग मैन का स्टिक फिगर डाल दिया। यह मज़ाकिया आइडिया गूगल का पहला डूडल बन गया।

दिलचस्प बात यह है कि यह डूडल गूगल कंपनी के आधिकारिक रूप से स्थापित होने (4 सितंबर 1998) से भी कुछ दिन पहले लॉन्च हुआ था। इसके बाद डूडल्स की परंपरा चल निकली और आज गूगल हज़ारों डूडल्स के ज़रिए विश्व भर के त्योहारों, खेलों और महान शख्सियतों को यादगार बनाता है।

Tags:    

Similar News