yash dayal: भारतीय क्रिकेटर यश दयाल पर लटकी गिरफ्तारी की तलवार? यौन शोषण मामले में दर्ज हुई FIR
yash dayal exploitation case: RCB के तेज गेंदबाज यश दयाल के खिलाफ गाजियाबाद में यौन शोषण का मामला दर्ज कर लिया गया है। उनपर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही।
yash dayal case fir: क्रिकेटर यश दयाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो गई।
yash dayal exploitation case: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के तेज गेंदबाज यश दयाल के खिलाफ गाजियाबाद में यौन शोषण का मामला दर्ज कर लिया गया है। उनपर गंभीर धाराओं में मामला दर्ज हुआ है। ऐसे में गिरफ्तारी की तलवार लटक रही। यश दयाल पर पांच साल तक शादी का झांसा देकर शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक शोषण का आरोप लगा है। महिला ने कोर्ट में बयान देने से पहले पुलिस को इलेक्ट्रॉनिक सबूत सौंपे हैं, मेडिकल जांच भी होगी।
गाजियाबाद पुलिस जल्द ही पीड़ित महिला का बयान मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज कराने जा रही है। इसके बाद महिला की मेडिकल जांच भी करवाई जाएगी।
शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप
महिला ने आरोप लगाया है कि वह यश दयाल के साथ पिछले 5 साल से रिलेशनशिप में थी। इस दौरान दयाल ने शादी का झांसा देकर उसका मानसिक, भावनात्मक और शारीरिक शोषण किया। FIR में कहा गया है कि यश ने उसे अपने परिवार से भी मिलवाया और उसे यकीन दिलाया कि वह उनकी बहू बनेगी। लेकिन बाद में वह अपने वादे से मुकर गया।
गैर जमानती धाराओं में दर्ज हुआ केस
महिला की शिकायत पर पुलिस ने 6 जुलाई को इंदिरापुरम थाने में FIR दर्ज की थी। यह केस भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत दर्ज किया गया है, जो झूठे वादे से शारीरिक संबंध बनाकर शोषण करने से जुड़ा है। यह धारा गैर-जमानती है और दोषी पाए जाने पर अधिकतम 10 साल की सजा का प्रावधान है। साथ ही, पुलिस को तुरंत गिरफ्तारी का अधिकार भी मिलता है।
सूत्रों के मुताबिक, महिला ने पुलिस को यश दयाल के खिलाफ कुछ इलेक्ट्रॉनिक सबूत भी सौंपे हैं, जिनकी जांच जारी है। जब तक महिला का कोर्ट में बयान दर्ज नहीं हो जाता, तब तक कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की जाएगी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सभी सबूतों की गहनता से जांच की जा रही है।
FIR में यह भी जिक्र है कि जब महिला ने विरोध किया तो उसे मारपीट और मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा। महिला का कहना है कि यश ने पति की तरह व्यवहार कर उसका भरोसा जीता, लेकिन अंत में धोखा दिया।
यश दयाल इस साल RCB की IPL जीत का हिस्सा थे और भारत की टेस्ट व टी20 टीमों में शामिल रह चुके हैं, हालांकि उन्होंने अभी तक इंटरनेशनल डेब्यू नहीं किया है। मामले में फिलहाल उनकी ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।