IND W vs AUS W: 60 चौके, 5 छक्के...बेथ मूनी का तूफानी शतक, ऑस्ट्रेलिया ने सबसे बड़ा स्कोर बनाया

India women vs Australia women: ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ तीसरे वनडे में 412 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। ऑस्ट्रेलिया के लिए बेथ मूनी ने सबसे अधिक 75 गेंद में 138 रन कूटे। ये वनडे में ऑस्ट्रेलिया का सबसे बड़ा स्कोर है।

Updated On 2025-09-20 17:32:00 IST

ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ तीसरे वनडे में 412 रन बनाए। 

India women vs Australia women: भारत के खिलाफ दिल्ली में खेले जा रहे सीरीज के आखिरी वनडे में ऑस्ट्रेलिया ने रनों की बरसात कर दी। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी के लिए उतरे ऑस्ट्रेलिया ने 47.5 ओवर में 412 रन बनाए। ये ऑस्ट्रेलिया का वनडे में संयुक्त रूप से सबसे बड़ा स्कोर है। ऑस्ट्रेलिया ने इससे पहले, 1997 में डेनमार्क के खिलाफ 3 विकेट पर 412 रन बनाए थे।

ऑस्ट्रेलिया के लिए बेथ मूनी ने तूफानी पारी खेली। मूनी ने 75 गेंद में 138 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने 23 चौके और 1 छक्का मारा। ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पारी में कुल 60 चौके और पांच छक्के मारे। मूनी के अलावा जॉर्जिया वॉल ने 68 गेंद में 81 रन बनाए। उन्होंने 14 चौके मारे। यानी चौकों से ही 56 रन जोड़ डाले। वॉल के अलावा एलिस पेरी ने 68 रन जोड़े।

मूनी ने महज 57 गेंद में अपना शतक पूरा किया। ये महिला वनडे का दूसरा सबसे तेज शतक है। सबसे तेज सेंचुरी का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया की ही मेग लेनिंग के नाम है। उन्होंने 2012 में न्यूजीलैंड के खिलाफ महज 45 गेंद में सैकड़ा जमाया था। केरन रॉल्टन भी साउथ अफ्रीका के खिलाफ 57 गेंद में सेंचुरी जमा चुकी हैं।


एक समय ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 33 ओवर में 3 विकेट पर 256 रन था। इसके बावजूद ऑस्ट्रेलियाई टीम पूरे 50 ओवर नहीं खेल पाई और तेजी से रन बनाने के चक्कर में पूरी टीम 47.5 ओवर में 412 रन पर ऑल आउट हो गई। ऑस्ट्रेलिया ने आखिरी 7 विकेट 158 रन के भीतर गंवा दिए। भारत की तरफ से अरुंधति रेड्डी सबसे सफल गेंदबाज रहीं। उन्होंने 8.5 ओवर में 3 विकेट लिए लेकिन वो बहुत महंगी साबित हुईं और उन्होंने 86 रन दिए। 

रेणुका सिंह ठाकुर भी महंगी साबित हुईं और 9 ओवर में 2 विकेट लेने के लिए उन्होंने 79 रन लुटा दिए। दीप्ति शर्मा ने 10 ओवर में 75 रन देकर 2 विकेट लिए। 

भारत: 1 स्मृति मंधाना, 2 प्रतिका रावल, 3 हरलीन देओल, 4 हरमनप्रीत कौर (कप्तान), 5 दीप्ति शर्मा, 6 ऋचा घोष (विकेटकीपर), 7 राधा यादव, 8 अरुंधति रेड्डी, 9 स्नेह राणा, 10 क्रांति गौड़, 11 रेणुका सिंह।

ऑस्ट्रेलिया: 1 एलिसा हीली (कप्तान, विकेटकीपर), 2 जॉर्जिया वोल, 3 एलिस पेरी, 4 बेथ मूनी, 5 ग्रेस हैरिस, 6 एशले गार्डनर, 7 ताहलिया मैकग्राथ, 8 जॉर्जिया वेयरहैम, 9 अलाना किंग, 10 किम गर्थ, 11 मेगन शट। 

Tags:    

Similar News