नीतीश कुमार थामेंगे I.N.D.I.A की पतवार, कांग्रेस ने लालू यादव- अरविंद केजरीवाल और उद्धव ठाकरे को मनाया

Nitish Kumar May Be Appointed Convener INDIA Block: ​​​​​​​INDIA गठबंधन की अगुवाई कांग्रेस कर रही है। इसका गठन इस साल लोकसभा चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) से मुकाबला करने के लिए किया गया है।

Updated On 2024-01-03 14:10:00 IST
Nitish Kumar

Nitish Kumar May Be Appointed Convener INDIA Block: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को INDIA गठबंधन का संयोजक बनाया जा सकता है। अंतिम मुहर विपक्षी दलों के समर्थन के बाद ही लगेगी। इसके लिए इस हफ्ते विपक्षी दलों की एक वर्चुअल मीटिंग होगी। हालांकि लालू यादव, अरविंद केजरीवाल और उद्धव ठाकरे ने अपनी सहमति जता दी है। 

मंगलवार को नेताओं से हुई चर्चा
कांग्रेस ने नीतीश कुमार को इंडिया गठबंधन का संयोजक बनाए जाने के प्रस्तावित नियुक्ति पर मंगलवार को नीतीश कुमार और राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव से चर्चा की। गठबंधन के अन्य सहयोगियों से भी सलाह ली गई है और उन्हें विश्वास में लिया गया है। नीतीश कुमार ने मंगलवार को इस बारे में शिव सेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे से बात की। गठबंधन के एक अन्य प्रमुख सदस्य दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी नीतीश कुमार को संयोजक बनाने पर अपना समर्थन दिया। 

30 जनवरी से शुरू होगा संयुक्त अभियान
19 दिसंबर को इंडिया गुट की दिल्ली में चौथी बैठक हुई। इस दौरान पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में मल्लिकार्जुन खड़गे का नाम प्रस्तावित किया। जिसका अरविंद केजरीवाल ने समर्थन किया। हालांकि सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने चुप्पी साध ली। बैठक के बाद मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा था कि पीएम पद को लेकर चुनाव बाद बात होगी। इस बैठक में सीट-बंटवारे, प्रचार और 2024 के लोकसभा चुनावों में भाजपा से मुकाबला करने की रणनीति जैसे विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।

विपक्षी गठबंधन ने कहा कि वह 30 जनवरी को 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए अपने संयुक्त अभियान की शुरुआत करेगा।

कांग्रेस कर रही गठबंधन की अगुवाई
INDIA गठबंधन की अगुवाई कांग्रेस कर रही है। इसका गठन इस साल लोकसभा चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) से मुकाबला करने के लिए किया गया है। पहली बैठक पटना में हुई। इसके बाद बेंगलुरु, फिर मुंबई में बैठक हुई थी। 
 

Tags:    

Similar News