डिजिटल फ्रॉड: क्रिकेटर रिंकू सिंह का फेसबुक पेज हैक, 16 लाख फॉलोअर्स वाली आईडी से हैकर्स ने उड़ाया मोनेटाइजेशन का पैसा
क्रिकेट स्टार रिंकू सिंह डिजिटल फ्रॉड का शिकार हो गए हैं। हैकर्स ने उनके 16 लाख फॉलोअर्स वाले फेसबुक पेज पर कब्जा कर मोनेटाइजेशन की कमाई हड़प ली है।
हैकर्स ने पेमेंट सेटिंग्स में भी छेड़छाड़ की है ताकि मिलने वाली राशि उनके खातों में ट्रांसफर हो सके।
अलीगढ़: टीम इंडिया के स्टार फिनिशर रिंकू सिंह साइबर अपराधियों के बड़े जाल में फंस गए हैं। अज्ञात हैकर्स ने उनके 1.6 मिलियन फॉलोअर्स वाले आधिकारिक फेसबुक अकाउंट पर सेंध लगा दी है।
वर्तमान में रिंकू सिंह टी-20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने में व्यस्त हैं, और इसी बीच हैकर्स ने उनकी मेहनत की कमाई और डिजिटल पहचान पर कब्जा कर लिया है।
लॉगिन क्रेडेंशियल्स में सेंध: हैकर्स ने बदली मूल ईमेल आईडी
साइबर सेल की शुरुआती जांच में यह पाया गया है कि हैकर्स ने रिंकू सिंह के अकाउंट की सुरक्षा में सेंध लगाकर उसकी मूल लॉगिन ईमेल आईडी को बदल दिया है। पहले यह अकाउंट "RinkuKumar344.8.7" आईडी से संचालित होता था, जिसे हैकर्स ने अब "commercial.rinkukumar" में तब्दील कर दिया है। इस बदलाव के कारण रिंकू की टीम का अकाउंट से नियंत्रण पूरी तरह खत्म हो गया है।
वित्तीय सेंधमारी: मोनेटाइजेशन फंड्स पर हैकर्स का अवैध कब्जा
यह मामला केवल अकाउंट हैकिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि एक बड़ा वित्तीय फ्रॉड भी है। रिंकू सिंह का फेसबुक पेज मोनेटाइज्ड था। हैकर्स अब इस अकाउंट से होने वाली विज्ञापन और अन्य रेवेन्यू की रकम को अवैध रूप से हड़प रहे हैं।
हैकर्स ने पेमेंट सेटिंग्स में भी छेड़छाड़ की है ताकि मिलने वाली राशि उनके खातों में ट्रांसफर हो सके।
ब्रांड वैल्यू पर खतरा: प्रोफाइल से साझा की जा रही हैं संदिग्ध सामग्री
हैक होने के बाद से रिंकू सिंह के ऑफिशियल पेज से कई ऐसे वीडियो और फोटो अपलोड किए जा रहे हैं, जो उनकी सार्वजनिक छवि और ब्रांड वैल्यू के विपरीत हैं।
इन पोस्ट्स को देखकर उनके करोड़ों प्रशंसक दुविधा में हैं। रिंकू के करीबियों का कहना है कि ये पोस्ट्स रिंकू या उनकी सोशल मीडिया टीम द्वारा नहीं किए गए हैं।
पुलिस कार्रवाई: एसएसपी अलीगढ़ के निर्देश पर साइबर सेल सक्रिय
धोखाधड़ी का पता चलते ही रिंकू सिंह ने स्वयं अलीगढ़ के एसएसपी नीरज कुमार जादौन को फोन कर स्थिति से अवगत कराया। इसके तत्काल बाद रिंकू के भाई सोनू सिंह ने साइबर थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई।
एसएसपी के आदेश पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस की टेक्निकल टीम अब मेटा के सुरक्षा अधिकारियों के साथ समन्वय कर अकाउंट रिकवर करने की कोशिश कर रही है।