ओडिशा की महानदी में पलटी नाव, 7 की मौत: छत्तीसगढ़ के 8 लोग अभी भी लापता, ODRAF ने 48 की बचाई जान

Boat capsizes in Odisha: पुलिस ने कहा कि अब तक 48 से अधिक लोगों को बचाया जा चुका है। 8 लापता लोगों की तलाश के लिए तलाशी अभियान जारी है। पीड़ित परिवारों के लोग नदी के किनारे डटे हुए हैं।

Updated On 2024-04-20 10:28:00 IST
महानदी में एसडीआरएफ की टीम लापता लोगों की तलाश कर रही है।

Boat capsizes in Odisha: ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले में शुक्रवार, 19 अप्रैल की शाम बड़ा हादसा हो गया। महानदी नदी में एक नाव पलटने से एक महिला समेत 7 की मौत हो गई। जबकि कुछ लोग लापता हैं। यह घटना तब हुई जब पड़ोसी छत्तीसगढ़ के खरसिया इलाके के रहने वाले लगभग 50 से ज्यादा यात्री ओडिशा के बरगढ़ जिले के पथरसेनी कुडा में एक मंदिर के दर्शन करने के बाद नाव में लौट रहे थे।

पुलिस ने कहा कि अब तक 48 से अधिक लोगों को बचाया जा चुका है। सर्च ऑपरेशन का नेतृत्व कर रहे हवलदार मेजर बाल कृष्ण थापा ने बताया कि कुल आठ लोग लापता हैं। एक शख्स को को कल नदी से बाहर निकाला गया था। आज सुबह छह शव बरामद किए गए। कुल सात शव बरामद किए गए हैं। तलाश जारी है।

बचाव में अभियान में 2 अंडरवाटर सर्च कैमरे भी तैनात
झारसुगुड़ा के कलेक्टर कार्तिकेय गोयल ने बताया कि ओडिशा आपदा रैपिड एक्शन फोर्स (ODRAF) खोज और बचाव अभियान चला रहा है। इसके साथ ही कम से कम पांच स्कूबा गोताखोरों के साथ दो अंडरवाटर सर्च कैमरों को भी खोज अभियान में तैनात किया गया है।

गोयल ने बताया कि अब तक लगभग 47-48 लोगों को बचाया गया है। रात में ही उन्हें उनके गांव वापस भेज दिया गया। 35 वर्षीय महिला का शव बरामद किया गया है।तलाशी अभियान जारी है। 

घटना के बाद ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने मृतक के परिवार को चार लाख का मुआवजा देने का ऐलान किया है। 

यह घटना शुक्रवार शाम की है। तब से राहत बचाव का काम चल रहा है।

भाजपा सांसद का आरोप- क्षमता से अधिक सवार थे लोग
स्थानीय बारगढ़ सांसद और वरिष्ठ भाजपा नेता सुरेश पुजारी ने आरोप लगाया कि नाव में क्षमता से अधिक लोग सवार थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नाव बिना वैध लाइसेंस के चल रही थी। संबंधित प्राधिकारी द्वारा इसे फिटनेस प्रमाणपत्र नहीं दिया गया था और इस पर कोई लाइफगार्ड भी नहीं था।

जिला अधिकारी ने कहा है कि घटना की जांच की जाएगी, हालांकि फिलहाल प्राथमिकता लापता लोगों को बचाने की है।

हादसे की सूचना पाकर सभी वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।

श्रीनगर के झेलम नदी में भी हुई थी ऐसी घटना
इस सप्ताह की शुरुआत में इसी तरह की एक घटना जम्मू-कश्मीर में घटित हुई थी। बीते मंगलवार सुबह श्रीनगर में झेलम नदी में एक नाव पलट जाने से दो बच्चों सहित छह लोगों की मौत हो गई। तीन लोग लापता हो गए। यह घटना सुबह करीब 8 बजे हुई, जब नाव नदी के बीच में एक लोहे के खंभे से टकराने के बाद पलट गई। नाव में 15 यात्री सवार थे। 

Similar News