News Brief: 5 अप्रैल, शुक्रवार की बड़ी खबरें, एक क्लिक में पढ़ें
5 April News Brief: शुक्रवार की बड़ी खबर। कांग्रेस ने अपना घोषणा-पत्र जारी कर दिया है। राजनीति से लेकर खेल जगत तक तमाम सेक्टर में कहां क्या हुआ? यहां एक क्लिक पर पढ़ें।
Aaj Ki Taaza Khabar5 April News Brief: दिन शुक्रवार, तारीख- 5 अप्रैल। देश में चुनावी माहौल है। नामांकन भरे जा रहे हैं। कांग्रेस में भगदड़ जारी है। आईपीएल में शशांक सिंह चर्चा में हैं। सूर्यकुमार यादव मुंबई टीम से जुड़ गए हैं। राजनीति से लेकर खेल जगत तक तमाम सेक्टर में कहां क्या हुआ? हरिभूमि दिनभर की प्रमुख खबरें एक साथ संक्षेप में पेश कर रहा है। तो यहां एक क्लिक पर फटाफट पढ़ें शुक्रवार की बड़ी खबरें।
5 मार्च बुधवार की बड़ी खबरें (Shukrawar ki badi khabren)
खजुराहो से सपा उम्मीदवार मीरा का नामांकन निरस्त
मध्य प्रदेश में विपक्षी दलों के 'इंडिया' गठबंधन को बड़ा झटका लगा है। खजुराहो संसदीय क्षेत्र से समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार मीरा दीपक यादव का नामांकन निरस्त हो गया है। कांग्रेस ने समझौते के तहत यह सीट सपा को दी थी। खजुराहो संसदीय क्षेत्र राज्य की हॉट सीटों में से एक है। यहां से भाजपा के उम्मीदवार के तौर पर प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा मैदान में हैं।
भीमा कोरेगांव मामला: सुप्रीम कोर्ट ने शोमा सेन को दी जमानत
सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को नागपुर विश्वविद्यालय की पूर्व प्रोफेसर शोमा के. सेन को जमानत दे दी। वो 2018 भीमा कोरेगांव हिंसा मामले में आरोपी हैं।
नोएडा पुलिस ने फर्जी कॉल सेंटर का किया भंडाफोड़
नोएडा में पुलिस ने विदेशी नागरिकों को एंटीवायरस सॉफ्टवेयर बेचने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ कर सेंटर से 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
दिल्ली के एक घर मिलीं तीन लाशें
दिल्ली के निहाल विहार इलाके से एक हैरतअंगेज मामला सामने आया है। यहां 42 वर्षीय एक शख्स ने पहले अपनी पत्नी और इसके बाद अपनी बेटी को मौत के घाट उतार दिया। फिर उस शख्स ने पंखे पर लटक कर आत्महत्या कर ली। इन सभी के शव के बारे में इनके बेटे के जरिए पता चला, जो काम के बाद अपने घर लौटा था।
भारत-ऑस्ट्रेलिया हॉकी टेस्ट सीरीज शेड्यूल जारी
भारतीय पुरुष हॉकी टीम पांच मैचों की टेस्ट श्रृंखला में ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगी, जिससे दोनों टीमों को 2024 पेरिस ओलंपिक के लिए अपनी तैयारियों का आकलन करने में मदद मिलेगी। श्रृंखला 6 अप्रैल को शुरू होगी और उसके बाद 7, 10, 12 और 13 अप्रैल को मैच होंगे। सभी मैच पर्थ के पर्थ हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे। भारत वर्तमान में एफआईएच विश्व रैंकिंग में चौथे स्थान पर है, जबकि ऑस्ट्रेलिया पांचवें स्थान पर है।
रश्मिका ने जन्मदिन पर दिखाई 'पुष्पा 2' की झलक
नेशनल क्रश रश्मिका मंदाना आज अपना 28वां जन्मदिन मना रही हैं। इस मौके पर 'पुष्पा: द राइज' के निर्माताओं ने आगामी फिल्म से श्रीवल्ली के रूप में एक्ट्रेस का शानदार पहला लुक शेयर किया।
Wishing the 𝒏𝒂𝒕𝒊𝒐𝒏'𝒔 𝒉𝒆𝒂𝒓𝒕𝒕𝒉𝒓𝒐𝒃 'Srivalli' aka @iamRashmika a very Happy Birthday 🫰🏻#Pushpa2TheRuleTeaser on April 8th 🔥#PushpaMassJaathara 💥#Pushpa2TheRule Grand Release Worldwide on 15th AUG 2024.
— Pushpa (@PushpaMovie) April 5, 2024
Icon Star @alluarjun @aryasukku #FahadhFaasil… pic.twitter.com/AnsbEXZqJT
कर्नाटक: सुमलता अंबरीश भाजपा में शामिल
मांड्या संसदीय सीट से निर्दलीय मौजूदा सांसद सुमलता अंबरीश शुक्रवार को बेंगलुरु स्थित पार्टी मुख्यालय में भाजपा में शामिल हो गईं।
चूरू में पीएम मोदी ने कांग्रेस पर साधा निशाना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के चूरू में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार देवेंद्र झाझड़िया के समर्थन में चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इन लोगों ने हमारे जवानों के हाथ बांधकर रखे थे। लेकिन, हमारी सरकार ने सीमा पर सेना को पलटवार करने की खुली छूट दी। आज दुश्मनों को पता है, ये नया भारत है और ये घर में घुसकर मारता है। (पढ़ें पूरी खबर...)
92 वर्षीय खलील अंसारी पहली बार डालेंगे वोट
झारखंड में साहिबगंज जिले के 92 वर्षीय खलील अंसारी अपने जीवन में पहली बार देश की 18वीं लोकसभा के लिए हो रहे चुनाव में वोट डालेंगे। वोटर लिस्ट में अब तक उनका नाम नहीं जुड़ पाया था। झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार के निर्देश पर उनका नाम वोटर लिस्ट में जोड़ा जा रहा है। दरअसल, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी शुक्रवार को साहेबगंज जिले के मंडरो ब्लॉक में दुर्गम क्षेत्र में स्थित मतदान केन्द्रों का औचक निरीक्षण करने पहुंचे थे। उन्होंने गांवों में जाकर वरिष्ठ और दिव्यांग मतदाताओं से मुलाकात की। इसी दौरान बड़खोरी गांव निवासी 92 वर्षीय खलील अंसारी से बातचीत के दौरान उन्हें पता चला कि उनका नाम आज तक वोटर लिस्ट में जुड़ नहीं पाया है। खलील अंसारी दिव्यांग हैं।
बिजनौर में शराब को लेकर 35 वर्षीय व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या
उत्तर प्रदेश के बिजनौर के हीमपुर दीपा थाना में गुरुवार देर रात शराब दुकान के चौकीदार की अज्ञात हमलावरों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, गुरुवार देर रात 11 बजे पीसीआर को एक कॉल मिली, जिसमें एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना मिली थी।
राजस्थान में लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए होम वोटिंग शुरू
निर्वाचन आयोग ने राजस्थान के 85 की उम्र पार कर चुके वरिष्ठ मतदाताओं सहित 40 फीसद तक दिव्यांग मतदाताओं के लिए घर से मतदान करने की व्यवस्था की है। यह व्यवस्था प्रदेश की उन 12 सीटों के लिए की गई है, जहां पर पहले चरण में चुनाव होंगे।
एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के साथ धोखधड़ी करने वाला शातिर गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा की दादरी थाना पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर धोखाधड़ी करने वाले अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 16 एटीएम कार्ड, एक स्वैप मशीन और स्कूटी बरामद हुई है। अभियुक्त खुशनसीब को पीएनबी बैंक एटीएम रेलवे रोड के पास से गिरफ्तार किया गया।
रियलमी 12एक्स बना तेजी से बिकने वाला '5G किलर'
5जी स्मार्टफोन का बाजार तेजी से बढ़ रहा है। कई स्मार्टफोन कंपनियां उपभोक्ताओं को किफायती कीमतों में स्मार्टफोन उपलब्ध करा रही हैं। इस बाजार में रियलमी 12एक्स 5जी एक शीर्ष दावेदार के रूप में उभरा है जो अपनी किफायती कीमत पर बाजार में अपनी अलग जगह बनाने के साथ स्मार्टफोन बाजार को नया आकार दे रहा है।2024 में फ्लिपकार्ट और रियलमी डॉट कॉम पर शुरुआती बिक्री के दौरान 'सबसे तेजी से बिकने वाले 5जी किलर' के रूप में पहचान हासिल करते हुए, रियलमी 12एक्स 5जी ने उद्योग में अग्रणी स्मार्टफोन के रूप में अपनी जगह बना ली है।
उरी में घुसपैठ की कोशिश नाकाम, दो आतंकी ढेर
जम्मू-कश्मीर के उरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर शुक्रवार को सुरक्षाबलों ने घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करते हुए एक और आतंकवादी को ढेर कर दिया। सेना के अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है।
विदेश में आतंकियों के खात्मे में 'भारत की भूमिका'
ब्रिटिश अखबार 'द गार्जियन' द्वारा किए गए दावे के बाद से ही पाकिस्तान में खलबली मच गई है। दरअसल, इस रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भारतीय खुफिया एजेंसी के द्वारा पाकिस्तान सहित दुनिया के तमाम देशों में जो भारत के दुश्मन रह रहे हैं, या जो भारत के खिलाफ षड़यंत्र रच रहे हैं, उन्हें एक-एक कर भारतीय खुफिया एजेंसियों के द्वारा खत्म किया जा रहा है। अखबार की रिपोर्ट की मानें तो 2019 में पुलवामा आतंकी हमले के बाद भारत ने अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए एक साहसी कदम उठाया। इस रिपोर्ट में दावा किया गया है कि 2020 से अब तक भारत के खिलाफ षड्यंत्र रचने वाले 20 आतंकियों की हत्या अज्ञात हमलावरों के द्वारा की गई है। पाकिस्तान अब तक जो दावा कर रहा है, वह अखबार की रिपोर्ट में भी दिख रहा है। जिसे देखकर वह गदगद है और पाकिस्तानी मीडिया को भारत को घेरने का मौका मिल गया है।
मुंबई इंडियंस से जुड़ेंगे सूर्यकुमार यादव
सूर्यकुमार यादव शुक्रवार को मुंबई इंडियंस टीम से जुड़ गए हैं। सूर्या लम्बे समय से एड़ी की चोट से उबर रहे थे और फ़िलहाल एनसीए बेंगलुरु में थे। उन्होंने इस साल आईपीएल में अभी तक एक भी मैच नहीं खेला है।
नए पावर स्टेशन, नई लाइनों से जगमग होगी कुंभ नगरी
प्रयागराज में महाकुंभ-2025 को लेकर तैयारियां तेजी से चल रही हैं। महाकुंभ क्षेत्र में बिजली, सड़क और पानी की बुनियादी व्यवस्था के साथ अन्य कार्यों में तेजी से प्रगति हो रही है।
भाजपा नेता गौरव भाटिया ने किया मानहानि का केस
वरिष्ठ वकील व भाजपा नेता गौरव भाटिया ने दिल्ली हाईकोर्ट में मानहानि का मुकदमा दायर करते हुए कई सोशल मीडिया यूजर्स और यूट्यूब चैनलों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
कांग्रेस ने जारी किया न्याय और गारंटी वाला मैनिफेस्टो
कांग्रेस पार्टी ने शुक्रवार को लोकसभा चुनाव के लिए अपना घोषणा पत्र जारी किया। कांग्रेस ने घोषणा पत्र को 'न्याय पत्र' नाम दिया है। इसके साथ ही कांग्रेस ने 'हाथ बदलेगा हालात' का नारा दिया है। कांग्रेस के मुख्य वादों में 30 लाख सरकारी नौकरियां, वंचित परिवार की महिलाओं को प्रतिवर्ष एक लाख रुपये, एमएसपी को कानूनी दर्जा, जाति जनगणना व पीएमएलए कानून में बदलाव शामिल है।कांग्रेस के मेनिफेस्टो को पांच 'न्याय' और 25 'गारंटी' पर केंद्रित रखा गया है।
एक्स यूजर्स के फॉलोअर्स में आई गिरावट
शुक्रवार को सोशल मीडिया हैंडल एक्स का इस्तेमाल करने वाले यूजर्स के फॉलोवर में गिरावट दर्ज की गई, जिसके बाद सभी लोगों के जेहन में यह सवाल उठे कि आखिर ऐसा क्यों हो रहा है? दरअसल, ऐसा एलन मस्क द्वारा बॉट को हटाने की कवायद शुरू किए जाने की वजह से हुआ।
आरबीआई ने दी यूपीआई से कैश डिपॉजिट की इजाजत
आरबीआई ने लेनदेन में सुविधा बढ़ाने के लिए ग्राहकों को यूपीआई के माध्यम से कैश डिपॉजिट मशीनों (सीडीएम) में पैसे जमा करने की अनुमति देने का फैसला किया है। (पढ़ें पूरी खबर...)
गौतमबुद्ध नगर: 25 से लेकर 72 साल के उम्मीदवार चुनावी मैदान में
लोकसभा चुनाव के लिए दूसरे चरण का नामांकन हो चुका है। गौतम बुद्ध नगर जिले में 34 प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। इनमें भाजपा के डॉक्टर महेश शर्मा, सपा-कांग्रेस गठबंधन के डॉक्टर महेंद्र नागर और बसपा के राजेंद्र सोलंकी के बीच मुख्य मुकाबला है। इसके अलावा भी कई प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं। इस क्षेत्र से 25 साल की एक युवा महिला, तो 72 साल के एक बुजुर्ग भी ताल ठोक रहे हैं। नामांकन करने वालों में तीन महिला प्रत्याशी शामिल हैं।