संसद बजट सत्र: राहुल गांधी को बोलने से रोके जाने पर बवाल, नड्डा-खरगे में तीखी बहस; लोकसभा में पारित हुआ धन्यवाद प्रस्ताव

संसद के बजट सत्र में सातवें दिन भी हंगामा जारी है। अमेरिका डील और पूर्व सेना प्रमुख एमएम नरवणे की किताब को लेकर विवाद बढ़ा। राहुल गांधी को बोलने से रोके जाने पर विपक्ष ने वॉकआउट किया, लोकसभा 65 सेकंड में स्थगित, पीएम मोदी आज राज्यसभा में जवाब दे सकते हैं।

Updated On 2026-02-05 13:22:00 IST

संसद बजट सत्र 2026 में गुरुवार को हंगामे के दौरान राज्यसभा में मल्लिकार्जुन खड़गे और जेपी नड्डा आमने-सामने। लोकसभा में भी भारी शोरगुल।

नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र में सातवें दिन भी गतिरोध खत्म नहीं हुआ। अमेरिका से हुई डील और पूर्व सेना प्रमुख एमएम नरवणे की अप्रकाशित किताब का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया। विपक्षी सांसदों ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने से रोके जाने को लेकर जोरदार विरोध दर्ज कराया।

लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही नारेबाजी शुरू हो गई और महज 65 सेकंड के भीतर सदन को दोपहर 12 बजे तक स्थगित करना पड़ा। वहीं, राज्यसभा में भी राहुल गांधी की स्पीच का मुद्दा उठा, जहां सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने आ गए।

राज्यसभा में सदन के नेता जेपी नड्डा ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे को नसीहत दी कि आप अपनी पार्टी को किसी अबोध बालक का बंधक न बनाइए। उन्होंने कहा, "आप पार्टी को स्वतंत्र रूप से चलाइए और इसे अबोध बालक के कब्जे में न आने दीजिए।"

नड्डा ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सदन में पूरी तरह तैयार बैठे थे और जो भी घटनाएं हुईं, उनके जवाब देने को तैयार थे, लेकिन विपक्ष ने सदन की कार्यवाही ही नहीं चलने दी।

Full View

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से कहा कि राहुल गांधी लगातार नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। इसके जवाब में राज्यसभा के नेता जेपी नड्डा ने स्पष्ट किया कि राज्यसभा में लोकसभा के कामकाज पर चर्चा नहीं हो सकती।

हंगामे के बाद विपक्षी सांसद राज्यसभा से वॉकआउट कर गए। इस बीच, रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राज्यसभा में भाषण दे सकते हैं, जबकि लोकसभा में उनके जवाब के बिना ही धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया जा सकता है।

कंगना रनौत का राहुल गांधी पर हमला

भाजपा सांसद कंगना रनौत ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए उनके शब्दों के चयन पर सवाल उठाए। कंगना ने कहा कि राहुल की सोच “सड़ी हुई और भ्रष्ट” है और ऐसे शब्दों का इस्तेमाल उनकी मानसिकता को दर्शाता है।

राज्यसभा में नड्डा-खड़गे आमने-सामने

राज्यसभा में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि लोकसभा की कार्यवाही को राज्यसभा में नहीं उठाया जा सकता। इसके जवाब में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राहुल गांधी को बोलने न दिए जाने का मुद्दा उठाया, जिससे दोनों के बीच तीखी बहस हुई।

किरेन रिजिजू की अपील

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने राज्यसभा सांसदों से सदन की मर्यादा और नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अधिकांश सदस्य प्रधानमंत्री का भाषण सुनना चाहते हैं, लेकिन कांग्रेस लगातार व्यवधान डाल रही है।

इंडिया ब्लॉक की बैठक

बजट सत्र में गतिरोध के बीच इंडिया ब्लॉक के फ्लोर लीडर्स की बैठक संसद भवन में चल रही है। बैठक में मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, सुप्रिया सुले समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद हैं।

सियासी जंग और लोकतंत्र पर सवाल

कुल मिलाकर, बजट सत्र सरकार और विपक्ष के बीच तीखी सियासी जंग का रूप ले चुका है। राष्ट्रीय सुरक्षा, किताबों के उद्धरण और सदन की कार्यवाही जैसे मुद्दों पर टकराव बढ़ता जा रहा है। बार-बार स्थगन से संसद की कार्यप्रणाली और लोकतांत्रिक संवाद पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

haribhoomi.com पर संसद सत्र से जुड़े हर ब्रेकिंग और लाइव अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।

Live Updates
2026-02-05 13:22 IST

प्रियंका ने कहा- राहुल गांधी को बोलने देना चाहिए, किस चीज से डर...


लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के लिए केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा के 'अबोध बालक' शब्द का इस्तेमाल करने पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, "उनको बोलने देना चाहिए। किस चीज से डर रहे हैं? कि वे किसी किताब से कुछ कोट करेंगे? या एपस्टीन फाइल से डर रहे हैं? या हम उनको इस डील (अमेरिका-भारत व्यापार समझौते) को लेकर कटघरे में खड़ा कर देंगे जिससे सारे किसानों की जिंदगी बर्बाद होने जा रही है?"

2026-02-05 12:26 IST

वेणुगोपाल बोले- विपक्ष के नेता को बोलने की इजाजत देनी चाहिए


दिल्ली: कांग्रेस सांसद के.सी. वेणुगोपाल ने कहा, "संसदीय लोकतंत्र में विपक्ष के नेता को बोलने और बहस शुरू करने का अधिकार होता है, जिसे इस सदन में पूरी तरह से नकार दिया गया है। हमारा एकमात्र एजेंडा यह है कि विपक्ष के नेता को बोलने की इजाजत दी जानी चाहिए..."

2026-02-05 12:23 IST

बिट्टू बोले- राहुल गांधी अपने सांसदों को "बंधुआ मजदूर" मानते हैं


दिल्ली: केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा, "हम जब कांग्रेस में थे, जीतकर पार्टी को सीट लाते थे, उनपर कभी बोझ नहीं बने। जब लगा कि ये परिवार की पार्टी रह गई, गांधी की पार्टी रह गई तब लोग निकल गए। अगर कांग्रेस रहती तो कांग्रेस में लोग रहते...अगर ये कांग्रेस होती तो सबसे पहले राहुल गांधी और प्रियंका गांधी निलंबित होते। बंधुआ मजदूरों कि तरह अपने सांसदों को आगे करके उन्हें निलंबित करवा देते हैं और अब मौज से गाड़ी में आते हैं और चले जाते हैं।"

2026-02-05 12:19 IST

लोकसभा में पीएम मोदी की स्पीच के बिना ही प्रस्ताव पास

संसद के बजट सत्र में लोकसभा से धन्यवाद प्रस्ताव (Motion of Thanks) राष्ट्रपति के अभिभाषण पर आज (5 फरवरी 2026) हंगामे के बीच पारित हो गया है, और यह बिना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्पीच के हुआ है।

बता दें कि पीएम मोदी को 4 फरवरी को शाम 5 बजे लोकसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देना था, लेकिन विपक्ष (मुख्य रूप से कांग्रेस और अन्य विपक्षी सदस्यों) के हंगामे, नारेबाजी और महिला सांसदों द्वारा पीएम की सीट के पास विरोध प्रदर्शन (बैनर दिखाना आदि) के कारण सदन बार-बार स्थगित हुआ और उनका भाषण नहीं हो सका।

आज लोकसभा में स्पीकर ओम बिरला ने हंगामे के बीच ही धन्यवाद प्रस्ताव को वोटिंग के लिए रखा और ध्वनिमत (voice vote) से इसे पारित कर दिया गया।

Tags:    

Similar News