PM Modi Rajya Sabha Speech: आज शाम 5 बजे राज्यसभा में बोलेंगे PM मोदी, लोकसभा में हंगामे के बाद अब उच्च सदन पर नजर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम 5 बजे राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर जवाब देंगे। इससे पहले पीएम मोदी को लोकसभा में बोलना था, लेकिन भारी हंगामे के बीस सदन को स्थगित कर दिया गया।

Updated On 2026-02-05 15:46:00 IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 5 फरवरी को शाम 5 बजे राज्यसभा में बोलेंगे। (फाइल फोटो)

PM Modi Rajya Sabha Speech: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 5 फरवरी को शाम 5 बजे राज्यसभा में बोलने वाले हैं। वे राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर अपना जवाब देंगे। खास बात यह है कि राज्यसभा में अब तक इस बहस के दौरान कोई व्यवधान नहीं हुआ है।

लोकसभा में क्यों नहीं हो पाया पीएम का भाषण?

बुधवार को लोकसभा में उस वक्त भारी हंगामा देखने को मिला, जब प्रधानमंत्री के संभावित संबोधन से पहले विपक्षी महिला सांसद बैनर लेकर वेल में पहुंच गईं। इस दौरान सदन की कार्यवाही बाधित हो गई और दिनभर के लिए लोकसभा स्थगित करनी पड़ी। उस समय प्रधानमंत्री सदन में मौजूद नहीं थे। इसके बाद गुरुवार को लोकसभा में पीएम मोदी का भाषण होना थान, लेकिन भारी हंगामा के चलते सदन को फिर स्थगित कर दिया गया।

हंगामे के वक्त क्या चल रहा था सदन में

लोकसभा की कार्यवाही बुधवार को कई बार स्थगन के बाद शाम 5 बजे शुरू हुई थी। उस समय बीजेपी सांसद पी.पी. चौधरी राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर अपनी बात रख रहे थे। तभी विपक्षी सांसद वेल में आ गए और ट्रेजरी बेंच की ओर बढ़ने लगे, जिसके बाद कार्यवाही रोक दी गई।

किन मुद्दों पर कर रहे थे विरोध?

विपक्षी सांसद अमेरिका के साथ व्यापार समझौते और पूर्व थलसेना प्रमुख जनरल (रिटायर्ड) एम.एम. नरवणे की कथित अप्रकाशित किताब को लेकर विरोध जता रहे थे। इन मुद्दों पर सरकार को घेरने की कोशिश की गई।

राहुल गांधी के बयान के बाद बढ़ा विवाद

संसद में गत सोमवार को राहुल गांधी ने लद्दाख विवाद को लेकर एक पत्रिका में छपे लेख का हवाला दिया था, जो पूर्व सेना प्रमुख की अप्रकाशित स्मृतियों पर आधारित बताया गया। इसके बाद से लोकसभा में लगातार गतिरोध बना हुआ है।

विपक्ष के 8 सांसद निलंबित

बुधवार को ही लोकसभा में हंगामे के दौरान नियमों के उल्लंघन और स्पीकर की कुर्सी की ओर कागज फेंकने के आरोप में विपक्ष के 8 सांसदों को पूरे बजट सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया।

अब टिकी हैं सबकी निगाहें राज्यसभा पर

लोकसभा में हंगामे के बाद अब सभी की नजरें राज्यसभा पर हैं, जहां प्रधानमंत्री मोदी का संबोधन बिना किसी व्यवधान के होने की उम्मीद है। माना जा रहा है कि पीएम अपने भाषण में सरकार की नीतियों के साथ-साथ विपक्ष के आरोपों पर भी जवाब दे सकते हैं।

Tags:    

Similar News