MOTN Survey 2025: देश में आज चुनाव कराए जाएं, तो किसकी बनेगी सरकार कौन होगा PM? देखें लिस्ट

India Today-C Voter Mood of the Nation Survey 2025 में NDA को बहुमत, BJP को 260 सीटों का अनुमान। मोदी 52% समर्थन के साथ सबसे पसंदीदा प्रधानमंत्री, राहुल गांधी दूसरे स्थान पर।

Updated On 2025-08-29 15:23:00 IST

MOTN Survey: मोदी नंबर-1 नेता; जानें राहुल गांधी की रेटिंग

MOTN Survey 2025 : (PM Modi Vs Rahul Gandhi)  अगर आज देश में लोकसभा चुनाव कराए जाएं, तो सत्ता का समीकरण एक बार फिर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के पक्ष में जाता दिख रहा है। इंडिया टुडे- सी वोटर मूड ऑफ द नेशन (MOTN) सर्वे, अगस्त 2025 के ताज़ा नतीजों के अनुसार, NDA को स्पष्ट बहुमत मिलने का अनुमान है, जबकि विपक्षी इंडिया गठबंधन (INDIA) की स्थिति 2024 की तुलना में कमजोर होती दिखाई देती है।

सीटों का अनुमान: NDA मजबूत, INDIA पिछड़ा

सर्वे के अनुसार, अगर आज चुनाव होते हैं तो कुल 543 लोकसभा सीटों में से NDA को 324 सीटें मिल सकती हैं। यह आंकड़ा 2024 के आम चुनाव में मिली 293 सीटों से अधिक है। हालांकि, भाजपा (BJP) अकेले 260 सीटों पर सिमट सकती है, यानी बहुमत के लिए जरूरी 272 का आंकड़ा पार्टी अकेले पार नहीं कर पाएगी।

विपक्षी INDIA गठबंधन को केवल 208 सीटों का अनुमान है, जो 2024 में मिली 234 सीटों से कम है। इसमें कांग्रेस की स्थिति 97 सीटों तक घटने की संभावना जताई गई है। 

अन्य क्षेत्रीय दलों और निर्दलीयों को मिलाकर करीब 11 सीटें मिलने का अनुमान है। यानी अगर चुनाव अभी हो जाएं तो NDA बहुमत के साथ सरकार बना सकता है, लेकिन भाजपा को सहयोगी दलों पर निर्भर रहना पड़ेगा।

अगला प्रधानमंत्री कौन?

सर्वे में लोगों से जब यह पूछा गया कि वे अगला प्रधानमंत्री किसे देखना चाहते हैं। तो 52% लोगों ने नरेंद्र मोदी और 25% लोगों ने राहुल गांधी का अपनी पहली पसंद बताई। अन्य नेता पीएम पद की रेस में काफी पीछे हैं। हालांकि, मोदी सरकार के कामकाज को लेकर पिछले छह महीनों में संतुष्टि स्तर में 10% की गिरावट दर्ज की गई है। फिर भी लोकप्रियता के मामले में वह सबसे आगे हैं।  

मोदी के बाद BJP में दावेदारी

भविष्य में यदि मोदी प्रधानमंत्री पद से हटते हैं तो भाजपा में अमित शाह और योगी आदित्यनाथ पीएम पद के सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। अमित शाह को 28% और योगी आदित्यनाथ को 26% लोगों का समर्थन मिला। 

  • अमित शाह: 28% समर्थन
  • योगी आदित्यनाथ: 26% समर्थन
  • नितिन गडकरी: 7% समर्थन
  • राजनाथ सिंह: 5.8%
  • शिवराज सिंह चौहान: 5.4%

मोदी सरकार की प्रमुख उपलब्धियां 

  • राम मंदिर निर्माण – 16.7%
  • ऑपरेशन सिंदूर (राष्ट्रीय सुरक्षा मिशन) – 12.2%
  • बुनियादी ढांचा विकास – 10.3%

सबसे बड़ी चुनौतियां

  • बेरोजगारी – 27.1%
  • धीमी आर्थिक वृद्धि – 6.5%
  • सांप्रदायिक हिंसा और अल्पसंख्यकों में डर – 5.8%

MOTN सर्वे कैसे किया गया?

इंडिया टुडे- सी वोटर मूड ऑफ द नेशन (MOTN) सर्वे 1 जुलाई से 14 अगस्त 2025 के बीच हुआ। इसमें सभी लोकसभा क्षेत्रों के करीब 54,788 लोगों से बात की गई। इसके अलावा 1,52,038 लोगों ने साप्ताहिक ट्रैकर पर अपनी राय दी है। यानी सर्वे में कुल 2,06,826 लोगों ने अपनी राय दी है। इतना बड़ा सैंपल साइज निश्चित ही राजनीतिक दलों के लिए बड़ा संकेतक माना जा सकता है।

MOTN सर्वे 2024 और 2025 की तुलना

NDA: 293 (2024) → 324 (2025 सर्वे अनुमान)

BJP: 240 (2024) → 260 (2025 सर्वे अनुमान)

INDIA: 234 (2024) → 208 (2025 सर्वे अनुमान)

कांग्रेस: 99 (2024) → 97 (2025 सर्वे अनुमान)

MOTN सर्वे का निष्कर्ष

अगर आज लोकसभा चुनाव होते हैं, तो देश में एक बार फिर NDA सरकार बनने की संभावना है। नरेंद्र मोदी अब भी सबसे लोकप्रिय नेता और पीएम उम्मीदवार हैं। हालांकि, भाजपा को अपने दम पर बहुमत नहीं मिलता दिख रहा, लेकिन सहयोगी दलों के साथ NDA की स्थिति मजबूत है।

मोदी के बाद भाजपा में नेतृत्व की रेस में अमित शाह और योगी आदित्यनाथ सबसे आगे हैं। जनता की नज़र में NDA की सबसे बड़ी उपलब्धि राम मंदिर निर्माण है, जबकि सबसे बड़ी चुनौती बेरोजगारी बनी हुई है। 

Tags:    

Similar News