ढाका में बड़ा हादसा: बांग्लादेश एयरफोर्स का विमान स्कूल से टकराकर क्रैश; 1 की मौत, 26 घायल
Dhaka Airforce Plane crash: बांग्लादेश की राजधानी ढाका में बड़ा हादसा हो गया। बांग्लादेश वायुसेना का लड़ाकू विमान उत्तरा में हादसे का शिकार हो गया।
Dhaka Airforce fighter plane crash
Dhaka Airforce Plane crash: बांग्लादेश की राजधानी ढाका में सोमवार (21 जुलाई) को बड़ा हादसा हो गया। बांग्लादेश वायुसेना का F-7 ट्रेनर विमान दोपहर 1:30 बजे उत्तरा में हादसे का शिकार हो गया। विमान माइलस्टोन कॉलेज के उत्तर कैंपस के अंदर स्थित स्कूल पर गिरा। धमाका हुआ और आग लग गई। चारों तरफ धुआं-धुआं हो गया। अफरा तफरी मच गई। स्कूली छात्र जान के लिए इधर-उधर भागे। हादसे में एक की मौत हो गई है। 26 लोग घायल हैं। विमान हादसे के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
बांग्लादेश की दो टुकड़ियां तैनात
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, F-7 ट्रेनर विमान ने दोपहर एक बजकर 6 मिनट पर उड़ान भरी। 24 मिनट बाद एक बजकर 30 मिनट पर क्रैश हो गया। हजरत शाहजलाल इंटरनेशनल एयरपोर्ट के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस घटना की पुष्टि की है। हालांकि, अभी तक यह नहीं बताया गया है कि दुर्घटना क्यों हुई और कितने लोग घायल या हताहत हुए। इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और राहत-बचाव कार्यों के लिए बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) की दो टुकड़ियों को तैनात किया गया है।
घायलों को अस्पताल में कराया भर्ती
हादसे की जानकारी मिलते ही बांग्लादेश सेना के जवान, फायर सर्विस और सिविल डिफेंस की आठ यूनिट घटनास्थल पर पहुंचीं। बचाव कार्य शुरू कर दिया। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में घायल एक महिला को हाथठेले पर अस्पताल ले जाया गया।
धुएं के गुबार
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में माइलस्टोन कॉलेज के परिसर से धुएं के गुबार दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, हताहतों की संख्या या दुर्घटना के कारणों के बारे में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। कुछ स्थानीय मीडिया और सोशल मीडिया पोस्ट में पायलट की स्थिति को लेकर चिंता जताई गई है, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
चीनी मूल का है विमान
बांग्लादेश की राजधानी में हादसे का शिकार हुआ F-7 BGI चीन में बना बहुउद्देश्यीय लड़ाकू विमान है। यह विशेष रूप से बांग्लादेश वायुसेना के लिए डिजाइन किए गए एफ-7 (मिग-21 का एक रूप) का एक उन्नत संस्करण है। इसे एफ-7 श्रृंखला का सबसे उन्नत संस्करण माना जाता है।