Winter Health Tips: सर्दियों में भूलकर भी सुबह के वक्त 5 चीजें न खाएं, जानिए क्यों
Winter Health Tips: सर्दियों में सुबह कुछ गलत चीजें खाने से पाचन कमजोर हो सकता है। जानें वे 5 खाद्य पदार्थ, जिन्हें इस मौसम में बिल्कुल नहीं खाना चाहिए।
सर्दियों में डाइट का रखें ख्याल (Image: grok)
Winter Health Tips: सर्दियों के मौसम में शरीर को अतिरिक्त ऊर्जा और गर्माहट की जरूरत होती है, लेकिन अक्सर लोग सुबह उठते ही ऐसी चीजें खा लेते हैं, जो सेहत को सुधारने के जगह बिगाड़ सकती है। कई बार हम सोचते हैं कि हल्का नाश्ता या कोई भी चीज खा लेना सही है, लेकिन सर्दियों के मौसम में कुछ खास खाद्य पदार्थ सुबह के समय बिल्कुल भी नहीं खाने चाहिए, वरना पाचन बिगड़ सकता है और दिनभर थकान महसूस हो सकती है।
न्यूट्रिशनिस्ट रुजुता दिवेकर का कहना है कि, सर्दियों में पाचन धीमा हो जाता है, इसलिए सुबह के वक्त हल्के, गरम और आसानी से पचने वाले खाद्य पदार्थ ही लेने चाहिए। इससे शरीर में ऊर्जा बनी रहती है और रोग प्रतिरोधक क्षमता भी मजबूत होती है।
ठंडा पानी
बहुत से लोग सुबह उठते ही फ्रिज का पानी पीना पसंद करते हैं, लेकिन सर्दियों में यह आदत सेहत के लिए हानिकारक है। ठंडा पानी शरीर का तापमान अचानक कम कर देता है, जिससे गले में खराश, जुखाम और खांसी की समस्या बढ़ सकती है। इसके अलावा ठंडा पानी पाचन क्रिया को धीमा कर देता है, जिससे शरीर सुबह की शुरुआत सुस्ती के साथ करता है। बेहतर होगा कि गुनगुना पानी या हल्का गर्म पानी पिया जाए, जिससे शरीर में गर्माहट आए और पाचन भी ठीक रहे।
दही
दही भले ही सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है, लेकिन सर्दियों की ठंडी सुबह में इसे खाने से सावधानी बरतनी चाहिए। दही के ठंडे स्वभाव के कारण यह शरीर में कफ बढ़ाता है और गले में बलगम जमा होने लगता है। अगर सुबह-सुबह दही खा लिया जाए, तो गले में खराश, बंद नाक और साइनस जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। दही दोपहर के भोजन में लेना अधिक उपयुक्त होता है, जब धूप शरीर को थोड़ा गर्म कर चुकी होती है।
खट्टे फल
संतरा, मौसमी, अमरूद जैसे खट्टे फल विटामिन से भरपूर होते हैं, लेकिन सर्दियों की ठंडी सुबह में इन्हें खाली पेट नहीं खाना चाहिए। खट्टे फलों में अम्लीय तत्व अधिक होते हैं, जो खाली पेट एसिड बढ़ाने का काम करते हैं। इससे सीने में जलन, पेट दर्द और पाचन से जुड़ी समस्याएं होने लगती हैं। ठंडी सुबह में शरीर की आंतें और पाचन तंत्र धीमे हो जाते हैं, ऐसे में खट्टे फल उन्हें और अधिक उत्तेजित कर देते हैं। फल हमेशा नाश्ते के बाद या दोपहर में लेना बेहतर रहता है।
ठंडा दूध
दूध को शरीर के लिए संपूर्ण आहार कहा जाता है, लेकिन सर्दियों में सुबह के समय ठंडा दूध पीना किसी भी तरह सही नहीं है। यह पाचन को कमजोर करता है और पेट भारी महसूस होता है। ठंडा दूध शरीर में ठंडक फैलाता है, जिसके कारण खांसी, जुकाम और गले की समस्याएं हो सकती हैं। अगर सुबह दूध पीना जरूरी हो, तो गुनगुना या हल्का गर्म दूध ही पिएं।
सलाद
कई लोग सुबह के समय हेल्दी रहने के लिए कच्ची सब्जियां खा लेते हैं, लेकिन सर्दियों में यह आदत शरीर को ठंडा कर देती है। सलाद में पानी की मात्रा अधिक होती है और यह शरीर का तापमान कम करता है। इसके साथ ही कच्ची सब्जियां पचने में समय लेती हैं, जिससे सुबह का मेटाबॉलिज़्म धीमा हो जाता है और दिनभर सुस्ती रहती है। सलाद को हमेशा दोपहर या शाम के भोजन के साथ ही लेना चाहिए।
सर्दियों की सुबह क्या खाएं?
- गुनगुना पानी पिएं
- शहद और नींबू मिला हल्का गुनगुना पानी
- गर्म पोहा, उपमा या दलिया
- गर्म दूध, हल्दी दूध या अदरक का काढ़ा
- सूखे मेवे
- ये खाद्य पदार्थ शरीर को गर्म रखते हैं और ऊर्जा देने में मदद करते हैं।
सर्दियों के मौसम में भोजन का सही चुनाव करना बेहद जरूरी है। खासकर सुबह के समय, गलती से भी ठंडी, खट्टी या भारी चीजें खा लेने से शरीर पर उल्टा असर पड़ सकता है। अगर आप इन पाँच चीजों से सुबह के समय दूरी बना लें, तो आपका पाचन बेहतर रहेगा, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ेगी और दिनभर शरीर में ऊर्जा बनी रहेगी।
(Disclaimer): ये लेख सामान्य जानकारी के लिए दिया गया है। हरिभूमि इसकी पुष्टि नहीं करता, अगर आप अपनी डाइट में बदलाव कर रहे हैं तो डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।