Potato Fingers: बच्चों के लिए बनाएं पोटैटो फिंगर्स, शाम की चाय के लिए है परफेक्ट स्नैक

Potato Fingers: पोटैटो फिंगर्स एक टेस्टी स्नैक है जो बच्चों के बीच काफी लोकप्रिय है। जानते हैं इस टेस्टी डिश को बनाने का तरीका।

Updated On 2026-02-02 16:30:00 IST

पोटैटो फिंगर्स बनाने का तरीका।

Potato Fingers: अगर बच्चों को कुछ कुरकुरा, टेस्टी और झटपट बनने वाला स्नैक चाहिए, तो पोटैटो फिंगर्स एक शानदार विकल्प है। बाहर से क्रिस्पी और अंदर से सॉफ्ट ये स्नैक बच्चों के साथ-साथ बड़ों को भी खूब पसंद आता है। स्कूल से लौटने के बाद या शाम की चाय के साथ इसे परोसें, प्लेट मिनटों में खाली हो जाएगी।

पोटैटो फिंगर्स की खास बात यह है कि इसे घर पर आसानी से और कम सामग्री में तैयार किया जा सकता है। न ज्यादा मसाले, न ज्यादा झंझट बस सही तरीका अपनाइए और पाएं रेस्टोरेंट जैसा स्वाद। चलिए जानते हैं इसे बनाने की पूरी विधि, ताकि अगली बार स्नैक टाइम और भी मजेदार बन जाए।

पोटैटो फिंगर्स बनाने के लिए सामग्री

  • उबले आलू - 4 (मध्यम आकार)
  • ब्रेड क्रम्ब्स - 1/2 कप
  • कॉर्नफ्लोर - 2 टेबलस्पून
  • मैदा - 2 टेबलस्पून
  • काली मिर्च पाउडर - 1/2 टीस्पून
  • लाल मिर्च पाउडर - 1/4 टीस्पून (वैकल्पिक)
  • नमक - स्वादानुसार
  • हरा धनिया - 1 टेबलस्पून (बारीक कटा)
  • तेल - तलने के लिए

पोटैटो फिंगर्स बनाने का तरीका

पोटैटो फिंगर्स बनाना ज्यादा मुश्किल नहीं है। इसे तैयार करने के लिए सबसे पहले उबले आलुओं को अच्छी तरह मैश कर लें। इसमें नमक, काली मिर्च, लाल मिर्च पाउडर और हरा धनिया डालकर अच्छे से मिलाएं। अब इसमें कॉर्नफ्लोर और मैदा डालें, ताकि मिश्रण बाइंड हो जाए और फिंगर्स तलते समय टूटें नहीं।

तैयार आलू के मिश्रण से छोटे-छोटे हिस्से लें और उंगलियों जैसी लंबी फिंगर्स का शेप दें। अब इन्हें ब्रेड क्रम्ब्स में अच्छी तरह लपेट लें, जिससे तलने पर बाहर से कुरकुरापन आए।

कड़ाही में तेल गरम करें। तेल मध्यम गरम हो जाए तो पोटैटो फिंगर्स को धीरे-धीरे डालें। मध्यम आंच पर इन्हें पलट-पलट कर सुनहरा और क्रिस्पी होने तक तलें। तेज आंच पर तलने से फिंगर्स बाहर से जल्दी ब्राउन हो सकती हैं और अंदर से कच्ची रह सकती हैं।

अगर आप चाहें तो पोटैटो फिंगर्स को डीप फ्राई करने की बजाय एयर फ्रायर या ओवन में भी बना सकते हैं। इससे ये हल्की और हेल्दी बनती हैं, लेकिन स्वाद में कोई कमी नहीं आती।

तली हुई पोटैटो फिंगर्स को टिश्यू पेपर पर निकाल लें। इन्हें टोमैटो केचप, मिंट चटनी या चीज़ डिप के साथ गरमा-गरम परोसें। बच्चों के टिफिन या शाम की चाय के लिए यह एक परफेक्ट स्नैक है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।

(लेखक:कीर्ति)

Tags:    

Similar News