Mirchi Pakoda Bajji: चटपटा खाने का शौक हैं तो बनाएं मिर्ची पकोड़ा बज्जी, जानें बनाने का तरीका
Mirchi Pakoda Bajji: मिर्ची पकोड़ा बज्जी एक चटपटा स्नैक है जो ब्रेकफास्ट में भी परोसा जा सकता है। जानते हैं इसे बनाने का तरीका।
मिर्ची पकोड़ा बज्जी बनाने का तरीका।
Mirchi Pakoda Bajji: शाम की चाय के टाइम में अगर दिल कुछ तीखा-चटपटा मांग रहा है तो मिर्ची पकोड़ा बज्जी से बेहतर क्या! बाहर से कुरकुरा और अंदर से नरम, हरी मिर्च की तीखी खुशबू और बेसन की सुनहरी परत एक बाइट लेते ही स्वाद का धमाका हो जाता है। यही वजह है कि यह स्ट्रीट-स्टाइल स्नैक हर उम्र के लोगों का फेवरेट बना हुआ है।
मिर्ची पकोड़ा बज्जी बनाने के लिए किसी खास तैयारी की जरूरत नहीं। घर में मौजूद कुछ बेसिक सामग्री और सही तरीका अपनाकर आप भी होटल जैसा स्वाद पा सकते हैं। चलिए जानते हैं आसान विधि, ताकि अगली बार चाय के साथ प्लेट भरकर बज्जी सर्व की जा सके।
मिर्ची पकोड़ा बज्जी बनाने के लिए सामग्री
- बड़ी हरी मिर्च – 8 से 10
- बेसन – 1 कप
- चावल का आटा – 2 टेबलस्पून
- अजवाइन – ½ टीस्पून
- लाल मिर्च पाउडर – ½ टीस्पून
- हल्दी – ¼ टीस्पून
- नमक – स्वादानुसार
- हींग – एक चुटकी
- बेकिंग सोडा – एक चुटकी (वैकल्पिक)
- पानी – आवश्यकतानुसार
- तेल – तलने के लिए
मिर्ची पकोड़ा बज्जी बनाने का तरीका
मिर्ची की तैयारी
सबसे पहले हरी मिर्च को धोकर अच्छी तरह पोंछ लें। अब बीच से हल्का सा चीरा लगाएं और चाहें तो बीज निकाल दें, ताकि तीखापन थोड़ा कम हो जाए। अगर आपको ज्यादा तीखा पसंद है तो बीज रहने दें।
बैटर तैयार करने का तरीका
एक बाउल में बेसन, चावल का आटा, अजवाइन, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, नमक और हींग डालें। अब थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाते हुए गाढ़ा और स्मूद बैटर तैयार करें। अंत में एक चुटकी बेकिंग सोडा डालकर हल्के हाथ से मिक्स करें, इससे बज्जी और भी फूली-फूली बनती है।
मिर्ची को बैटर में लपेटना
तैयार मिर्च को बैटर में अच्छी तरह डुबोएं, ताकि चारों तरफ से मिर्च पर बैटर की परत चढ़ जाए। ध्यान रखें कि बैटर ज्यादा पतला न हो, वरना तलते समय उतर सकता है।
तलने की सही विधि
कड़ाही में तेल गरम करें। तेल मध्यम गरम हो जाए तो बैटर में लिपटी मिर्च को धीरे-धीरे तेल में डालें। मध्यम आंच पर बज्जी को पलट-पलट कर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें। तेज आंच पर तलने से बज्जी ऊपर से जल सकती है और अंदर से कच्ची रह सकती है।
सर्व करने का तरीका
तली हुई मिर्ची पकोड़ा बज्जी को टिश्यू पेपर पर निकाल लें, ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए। इन्हें हरी चटनी, इमली की चटनी या प्याज के लच्छों के साथ गरमा-गरम परोसें।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
(लेखक:कीर्ति)