Tiranga Barfi: आजादी के जश्न में तिरंगा बर्फी से सबका मुंह मीठा कराएं, ईजी रेसिपी से बनाएं
Tiranga Barfi: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अपनों का मुंह तिरंगा बर्फी से मीठा करें। इसे बनाना बहुत सरल है। जान लें बनाने की विधि।
तिरंगा बर्फी बनाने का तरीका।
Tiranga Barfi: तिरंगा बर्फी से सभी का मुंह मीठा कराकर आप इस बार आजादी का जश्न मना सकते हैं। इंडिपेंडेंस डे सेलिब्रेशन लोग अलग-अलग तरह से करते हैं, लेकिन कोई भी जश्न बिना मिठाई के पूरा नहीं होता है। ऐसे में तिरंगा बर्फी सर्व करने से सबके मन में देशप्रेम की भावना हिलोरे लेती नजर आएगी।
तिरंगा बर्फी आसानी से तैयार होने वाली स्वीट डिश है और इसका स्वाद भी काफी पसंद किया जाता है। इस बर्फी को बनाने में मुख्य रूप से खोया, चीनी और फूड कलर की जरूरत पड़ती है।
तिरंगा बर्फी बनाने के लिए सामग्री
500 ग्राम खोया (मावा)
200 ग्राम पिसी हुई चीनी
2 बड़े चम्मच नारियल बुरादा (ऑप्शनल)
1/4 छोटा चम्मच इलायची पाउडर
1 चुटकी केसरिया फूड कलर
1 चुटकी हरा फूड कलर
1 बड़ा चम्मच पिस्ता कटा हुआ (सजावट के लिए)
घी (तलने और ग्रीसिंग के लिए)
तिरंगा बर्फी बनाने का तरीका
तिरंगा बर्फी बनाना बहुत आसान है और ये कम सामग्रियों में ही तैयार की जा सकती है। तिरंगा बर्फी के लिए मावा को एक कढ़ाही में डालकर धीमी आंच पर 5 मिनट तक भूनें। अब इसमें पिसी हुई चीनी डालकर अच्छी तरह मिलाएं और धीमी आंच पर पकाएं जब तक मिश्रण गाढ़ा न हो जाए।
मिश्रण अच्छी तरह से पकने के बाद इसे तीन बराबर हिस्सों में बांट लें। एक भाग में केसरिया रंग, दूसरे में हरा रंग मिलाएं और तीसरे को बिना रंग के छोड़ दें।
अब एक ग्रीस की हुई ट्रे लें और सबसे पहले हरे रंग का मिश्रण फैलाएं, फिर सफेद और अंत में केसरिया रंग का मिश्रण डालकर समान रूप से फैलाएं।
सारा मिश्रण फैलाने के बाद ट्रे को 1–2 घंटे के लिए फ्रिज में रख दें ताकि बर्फी सेट हो जाए। सेट होने के बाद अपनी पसंद के आकार में इसे काट लें और ऊपर से कटे पिस्ता से सजाएं। स्वादिष्ट तिरंगा बर्फी बनकर रेडी हो चुकी है।
(कीर्ति)