Bajra Methi Dhokla: स्वाद में जबरदस्त है राजस्थानी बाजरा मेथी ढोकला, बनाने का यह तरीका है आसान

Bajra Methi Dhokla: राजस्थानी बाजरा मेथी ढोकला बनाना ज्यादा मुश्किल नहीं है। स्वाद से भरपूर इस डिश को बनाने का तरीका जानें।

Updated On 2026-02-06 17:30:00 IST

राजस्थानी बाजरा मेथी ढोकला बनाने की विधि।

Bajra Methi Dhokla: आप अगर नाश्ते या हल्के डिनर में कुछ हेल्दी, टेस्टी और देसी ट्विस्ट वाला बनाना चाहते हैं, तो राजस्थानी बाजरा मेथी ढोकला एक शानदार विकल्प है। बाजरे की पौष्टिकता और मेथी की खुशबू इस ढोकले को स्वाद के साथ-साथ सेहत के लिहाज से भी खास बना देती है।

राजस्थान में बाजरा रोज़मर्रा के खाने का अहम हिस्सा रहा है। जब इसमें ताजी मेथी मिलती है, तो यह रेसिपी और भी पावरफुल बन जाती है। यह ढोकला ग्लूटेन-फ्रेंडली, फाइबर से भरपूर और पचने में हल्का होता है यही वजह है कि हेल्थ कॉन्शस लोग इसे खूब पसंद करते हैं।

बाजरा मेथी ढोकला बनाने के लिए सामग्री

  • 1 कप बाजरे का आटा
  • 1/2 कप बेसन
  • 1 कप ताजी मेथी (बारीक कटी हुई)
  • 1/2 कप दही
  • 1 छोटा चम्मच अदरक-हरी मिर्च पेस्ट
  • 1/2 छोटा चम्मच हल्दी
  • 1 छोटा चम्मच ईनो या फ्रूट सॉल्ट
  • स्वादानुसार नमक
  • जरूरत अनुसार पानी

तड़के के लिए

  • 1 छोटा चम्मच राई
  • 1 छोटा चम्मच तिल
  • 1-2 सूखी लाल मिर्च
  • 1-2 चम्मच तेल

बाजरा मेथी ढोकला बनाने का तरीका

राजस्थानी स्टाइल का बाजरा मेथी ढोकला बनाने का तरीका बहुत आसान है। इसे तैयार करने के लिए एक बड़े बाउल में बाजरे का आटा और बेसन डालें। इसमें दही, नमक, हल्दी और अदरक-मिर्च पेस्ट मिलाएं।

अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए गाढ़ा लेकिन स्मूद बैटर तैयार करें। आखिर में कटी हुई मेथी मिलाकर अच्छे से मिक्स करें। बैटर को 10-15 मिनट के लिए ढककर रख दें, ताकि बाजरा और बेसन अच्छी तरह सेट हो जाएं और ढोकला सॉफ्ट बने।

स्टीमर या कुकर में पानी गर्म होने रखें। ढोकला ट्रे या थाली को हल्का सा ग्रीस करें। बैटर में ईनो डालकर हल्के हाथ से मिलाएं और तुरंत ट्रे में डाल दें। ट्रे को स्टीमर में रखकर 15-20 मिनट तक स्टीम करें। टूथपिक डालकर चेक करें अगर साफ निकले तो ढोकला तैयार है।

इसके बाद एक पैन में तेल गर्म करें। राई, तिल और सूखी लाल मिर्च डालें। तड़का तैयार होते ही इसे ढोकले के ऊपर डाल दें। राजस्थानी बाजरा मेथी ढोकला को हरी चटनी या लहसुन की चटनी के साथ गर्मागर्म परोसें। यह नाश्ते, टिफिन या हल्के डिनर हर मौके के लिए परफेक्ट है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।

Tags:    

Similar News