Eye exercises: ज्यादा फोन चलाने से आंखों में हो सकती है ड्राइनेस और थकान, रोज करें ये 4 एक्सरसाइज और पाएं आराम

डिजिटल लाइफस्टाइल ने हमारी आंखों पर काफी दबाव डाला है। लेकिन अगर हम रोजाना ये 4 एक्सरसाइज करें तो हम इस समस्या को काफी हद तक कम कर सकते हैं।

Updated On 2025-05-29 16:55:00 IST

Eye exercises: आज का युग डिजिटल युग है। सुबह आंख खुलते ही सबसे पहले लोग मोबाइल उठाते हैं और रात को सोने से पहले भी उसी स्क्रीन को देखते हुए आंखें बंद होती हैं। ऑफिस का काम हो या एंटरटेनमेंट, सब कुछ अब कंप्यूटर और मोबाइल पर ही निर्भर हो गया है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि लगातार स्क्रीन पर देखने से आपकी आंखों पर क्या असर पड़ रहा है? दरअसल, लगातार मोबाइल, लैपटॉप और टीवी स्क्रीन के सामने रहने से आंखों में ड्राइनेस, थकान, जलन, रेडनेस, सिरदर्द और कभी-कभी धुंधला दिखना जैसी समस्याएं आम हो गई हैं। इसे 'डिजिटल आई स्ट्रेन' कहा जाता है।

चूंकि हम स्क्रीन से दूरी नहीं बना सकते, ऐसे में हमें अपनी आंखों को थोड़ा आराम देने के लिए कुछ आसान एक्सरसाइज जरूर करनी चाहिए। ये एक्सरसाइज न सिर्फ आंखों की मसल्स को रिलैक्स करती हैं, बल्कि आंखों की रोशनी बनाए रखने में भी मदद करती हैं। आइए जानते हैं 4 असरदार आई एक्सरसाइज जिन्हें आप रोजाना सिर्फ 5-10 मिनट करके अपनी आंखों को आराम दे सकते हैं।


1. पामिंग टेक्निक

आंखों को हथेलियों से ढककर उन्हें गहरा आराम दें। यह सबसे आसान और असरदार एक्सरसाइज है जिसे आप कहीं भी बैठकर कर सकते हैं। इसके लिए आप किसी शांत जगह पर बैठ जाएं, पीठ सीधी रखें और आंखें बंद करें। अब अपनी दोनों हथेलियों को आपस में रगड़ें ताकि वे थोड़ी गर्म हो जाएं। फिर दोनों हथेलियों को हल्के से बंद आंखों पर रखें। ध्यान रखें कि हथेलियां आंखों को छुएं नहीं, सिर्फ हल्के से कवर करें। गहरी सांस लें और 1-2 मिनट तक इसी स्थिति में रहें। इससे आंखों की थकान कम और दिमाग को शांति मिलती है। बाहर की रोशनी ब्लॉक हो जाती है जिससे आंखों को रेस्ट मिलता है।

2. 20-20-20 रूल
हर 20 मिनट पर आंखों को दें 20 सेकेंड का आराम। यह रूल खासतौर पर उनके लिए है जो कंप्यूटर पर घंटों काम करते हैं। हर 20 मिनट काम करने के बाद, अपनी नजरें 20 फीट दूर किसी चीज़ पर टिका दें। कम से कम 20 सेकंड तक उसे देखें। फिर वापस काम पर लौटें। इससे आंखों की फोकसिंग मसल्स को आराम मिलता है। लगातार स्क्रीन देखने से होने वाला तनाव कम होता है।

3. आई रोलिंग एक्सरसाइज
आंखों को हर दिशा में घुमाकर दें उन्हें मूवमेंट। सीधे बैठें और सिर को हिलाए बिना आंखों को गोल-गोल घुमाएं। पहले क्लॉकवाइज़ और फिर एंटी-क्लॉकवाइज़। हर दिशा में 5-5 बार घुमाएं। इससे आंखों की मसल्स एक्टिव होती हैं, विज़न बेहतर होता है और साथ ही थकान कम होती है।

4. ब्लिंकिंग एक्सरसाइज
पलकों को झपकाकर करें आंखों को हाइड्रेट। डिजिटल स्क्रीन देखने के दौरान हम कम पलकें झपकाते हैं, जिससे आंखें सूख जाती हैं। इसके लिए एक मिनट तक लगातार तेज़-तेज़ पलकें झपकाएं। फिर आंखें बंद करके 30 सेकंड आराम करें। यह क्रिया 2-3 बार दोहराएं। इससे आंखों में नमी बनी रहती है और ड्राइनेस और जलन से राहत मिलती है।


जरूरी टिप्स-

स्क्रीन ब्राइटनेस कम रखें और आंखों से स्क्रीन की दूरी 18-24 इंच रखें।

रात को ब्लू लाइट फिल्टर ऑन करें या एंटी-ग्लेयर चश्मे का इस्तेमाल करें।

दिन में कम से कम 6 से 8 गिलास पानी जरूर पिएं।

आंखों के लिए पोषणयुक्त आहार जैसे गाजर, पालक, बादाम, आंवला आदि लें।

Similar News