Conjunctivitis: आंखें लाल होकर सूज गई हैं? हो सकता है कंजंक्टिवाइटिस; डॉक्टर से जानें आई केयर के टिप्स
Conjunctivitis Symptoms: बारिश के सीजन में आंखे आना एक कॉमन प्रॉब्लम है। इसे शुरुआती लक्षणों के सामने आते ही आई केयर करना चाहिए।
आंखों में संक्रमण के लक्षण।
Conjunctivitis Symptoms: बरसात के मौसम में शरीर की इम्युनिटी कमजोर होने के कारण कई तरह की बीमारियां फैलने लगती है। सर्दी, जुकाम, बुखार के अलावा अक्सर यह देखा जाता है कि आंखों की बीमारियां तेजी से फैलती हैं। इनमें सबसे आम समस्या है कंजंक्टिवाइटिस, जिसे आम बोलचाल में अक्सर हम 'आंख आना' या 'पिंक आई' भी कहा जाता है।
आमतौर पर इसे एक सामान्य समस्या माना जाता है, लेकिन अगर सही समय पर इलाज न हो तो आंखों की रोशनी पर भी असर हो सकता है। बरसात में कंजंक्टिवाइटिस से कैसे बचें और इसे रोकने के क्या उपाय हैं। इसे इंदौर स्थित कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. राजदीप जैन से जानते हैं।
जानें क्या होता है कंजंक्टिवाइटिस?
कंजंक्टिवाइटिस आंख की सफेद परत और पलकों की अंदरूनी सतह पर होने वाली सूजन है। जब यह परत संक्रमित हो जाती है तो आंखें लाल दिखने लगती है, जिसमें खुजली, जलन और पानी आना जैसे लक्षण शामिल होते हैं। इसके अलावा आंख की पलकों पर काफी ज्यादा सूजन हो जाती है। दरअसल यह संक्रमण वायरल, बैक्टीरियल या एलर्जी के कारण हो सकता है।
तीन वजहों से हो सकता है कंजंक्टिवाइटिस
कंजंक्टिवाइटिस तीन वजहों से हो सकता है। पहला वायरल संक्रमण, जो कंजंक्टिवाइटिस का सबसे आम कारण है। मौसम बदलने पर या संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से वायरस आसानी से फैलता है और आंखें संक्रमित हो जाती है।
दूसरा बैक्टीरियल संक्रमण होता है, जो वायरल संक्रमण की तुलना में ज्यादा गंभीर हो सकता है और इसमें जल्दी इलाज की जरूरत होती है। इसके अलावा तीसरा कारण एलर्जी भी है। कुछ मरीजों में एलर्जी के कारण भी कंजंक्टिवाइटिस होता है। धूल, धुआं, पराग या कॉस्मेटिक के कारण एलर्जिक कंजंक्टिवाइटिस हो सकता है।
कभी-कभी कॉन्टैक्ट लेंस का गलत उपयोग करने या लेंस को साफ न करना या ज्यादा समय तक पहनना भी संक्रमण का कारण बन सकता है। वहीं तौलिया, रुमाल, तकिया या आंखों का मेकअप शेयर करने से भी संक्रमण तेजी से फैलता है।
कंजंक्टिवाइटिस के प्रमुख लक्षण
डॉ. राजदीप जैन के मुताबिक, आंखों का लाल होना, लगातार पानी आना या गाढ़ा पीला/हरा डिस्चार्ज निकलना, आंखों में खुजली और जलन होना या पलकों में सूजन होना कंजंक्टिवाइटिस के प्रमुख लक्षण हैं। इसके अलावा आंखों में रोशनी से चुभन (फोटोफोबिया) होना और सुबह उठते समय आंखों का चिपक जाना भी कंजंक्टिवाइटिस के लक्षण हैं।
ऐसे करें खुद का बचाव
- दिन में कई बार हाथ धोएं और आंखों को छूने से बचें।
- किसी की पर्सनल चीजें जैसे तौलिया, तकिया आदि शेयर न करें।
- मानसून में मेकअप किट और कॉन्टैक्ट लेंस का उपयोग करने से बचें।
- आंखों में हल्के लक्षण दिखने पर भी उन्हें बार-बार न रगड़ें।
- कंजंक्टिवाइटिस से संक्रमित व्यक्ति से दूरी बनाए रखें।
- संक्रमण होने पर ठंडे पानी की सिकाई करें, इससे जलन और सूजन कम होगी।
- यदि आंखों से गाढ़ा पीला या हरा मवाद निकले और धुंधला दिखे तो तुरंत डॉक्टर से मिलें।
- 3 से 4 दिन में सुधार न होने पर नेत्र रोग विशेषज्ञ से संपर्क करें।